Gurugram News: डीटीयू में इंजीनियरिंग दाखिले के नाम पर 13.50 लाख रुपये ठगे Latest Haryana News

[ad_1]

शिकायत के आधार पर सेक्टर-56 थाने में मामला दर्ज, पुलिस कर रही छानबीन

अमर उजाला ब्यूरो

गुरुग्राम। जालसाजों ने दिल्ली टेक्नोलॉजिकल यूनिवर्सिटी (डीटीयू) में इंजीनियरिंग में दाखिले के नाम पर एक छात्र के अभिभावकों से 13.50 लाख रुपये ठग लिए हैं। पीड़ित की शिकायत के आधार पर पुलिस ने सेक्टर-56 थाने में भारतीय न्याय संहिता की धारा 316(2) और 318(4) के तहत एफआईआर दर्ज की है। पुलिस मामले की छानबीन कर रही है।

मूलरूप से उत्तर प्रदेश के मिर्जापुर निवासी विजय शंकर गिरी ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि उनके बेटे की इंजीनियरिंग काउंसलिंग चल रही थी। इसी दौरान उनके मोबाइल पर अनजान नंबर से कॉल आया। कॉल करने वाले ने विजय शंकर से कहा कि रैंक कम होने के कारण उनके बेटे को डीटीयू के कंप्यूटर साइंस में सीधे दाखिला नहीं मिल पाएगा। बातचीत के दौरान कॉल करने वाले ने कहा कि उनका एक दोस्त डीटीयू में प्रोफेसर है, जो डोनेशन कोटा के तहत दाखिला करवा सकता है। इसके लिए 18 लाख रुपये लगेंगे। दाखिले के कारण छात्र के अभिभावक कॉल करने वाले जालसाज के झांसे में आ गए।

जालसाजों ने छात्र के अभिभावकों को दाखिले संबंधित बातचीत के लिए गुरुग्राम के सेक्टर-56 स्थित गोल्फ कोर्स रोड पर एक कार्यालय का पता भेजा। यहां पर छात्र के अभिभावकों से तीन युवकों ने बातचीत की और दाखिला करवाने के लिए 15 लाख रुपये में सौदा पक्का किया। धोखाधड़ी में शामिल रकम आरोपियों ने चालाकी से किश्तों में ऑनलाइन और नकद दोनों माध्यमों से वसूल की। आरोपियों ने पीड़ित से कई बार में खाते और नकदी 13.50 लाख रुपये ले लिए और दाखिला करवाने का आश्वासन दिया।

दाखिले की समय सीमा बीत जाने के बाद भी विजय शंकर के बेटे का दाखिला नहीं हुआ तो उन्होंने रुपये लेने वाले युवकों से संपर्क करने की कोशिश की। उन युवकों के मोबाइल स्विच ऑफ मिले और जिस कार्यालय में भी दाखिले के लिए बातचीत की थी, वह भी खाली था।

जांच अधिकारी अमीचन्द ने बताया कि मामला दर्ज कर लिया गया है और जांच शुरू कर दी है। जांच के दौरान सामने आए साक्ष्यों के आधार पर कार्रवाई की जाएगी। रुपये लेने वाले युवकों की तलाश की जा रही है।

[ad_2]
Gurugram News: डीटीयू में इंजीनियरिंग दाखिले के नाम पर 13.50 लाख रुपये ठगे