Charkhi Dadri News: जनगणना के प्रथम चरण की स्व-गणना प्रक्रिया 16 अप्रैल से शुरू Latest Haryana News

[ad_1]

चरखी दादरी। जनगणना 2027 के तहत नागरिक अब पहली बार स्वयं ऑनलाइन स्व-गणना कर सकेंगे। यह सुविधा 16 अप्रैल से शुरू होगी। उपायुक्त एवं प्रधान जनगणना अधिकारी डॉ. मुनीश नागपाल ने बताया कि जनगणना संचालन में किए गए बदलावों के तहत नागरिकों को समर्पित पोर्टल sc.census.gov.in के माध्यम से अपने परिवार का विवरण ऑनलाइन भरने का विकल्प दिया गया है।

उन्होंने बताया कि यह पोर्टल शहर में घर-घर जाकर जनगणना शुरू होने से 15 दिन पहले खोला जाएगा ताकि नागरिक स्वयं अपने परिवार की जानकारी ऑनलाइन दर्ज कर सकें। प्रक्रिया पूरी होने पर प्रतिभागियों को 11 अंकों की एक स्व-गणना आईडी प्राप्त होगी जिसे सत्यापन के दौरान जनगणना अधिकारियों को दिखाना होगा।

उपायुक्त ने कहा कि राष्ट्रीय जनगणना में यह सुविधा पहली बार शुरू की गई है, जिससे नागरिकों को सुविधा के साथ-साथ समय की भी बचत होगी। यह पोर्टल अंग्रेजी सहित 14 क्षेत्रीय भाषाओं में उपलब्ध रहेगा जिससे अधिक से अधिक लोग इसका लाभ उठा सकेंगे। उन्होंने बताया कि स्व-गणना के लिए नागरिकों को पहले अपने मोबाइल नंबर से लॉगिन करना होगा और प्रथम चरण के 33 प्रश्नों के उत्तर 15 से 20 मिनट के भीतर भरने होंगे। जानकारी जमा करने के बाद जनरेट हुई आईडी को सुरक्षित रखना आवश्यक होगा।

स्व-गणना की अवधि समाप्त होने के बाद घर-घर जाकर मकान सूचीकरण का कार्य शुरू किया जाएगा। उस दौरान जनगणना अधिकारी घर पहुंचने पर केवल आईडी के माध्यम से त्वरित सत्यापन करेंगे जिससे विस्तृत साक्षात्कार की आवश्यकता नहीं पड़ेगी। डॉ. नागपाल ने बताया कि जो नागरिक ऑनलाइन सुविधा का उपयोग नहीं करना चाहते या ऐसा करने में सक्षम नहीं हैं उनके लिए पारंपरिक साक्षात्कार प्रक्रिया उपलब्ध रहेगी। उन्होंने कहा कि यह भारत की पहली पूर्णत: डिजिटल जनगणना होगी जिसमें जनगणना कर्मी मोबाइल एप के माध्यम से डेटा संग्रह करेंगे।

[ad_2]
Charkhi Dadri News: जनगणना के प्रथम चरण की स्व-गणना प्रक्रिया 16 अप्रैल से शुरू