सोनीपत। गांव कुमासपुर के पास स्थित वाटर पार्क के लॉकर से मोबाइल, नकदी व अन्य सामान चोरी कर लिया गया। दिल्ली के चार युवक नहाने के लिए पार्क में आए थे और अपना सामान लॉकर में रखकर गए थे। चाबी गुम होने के बाद जब लॉकर खुलवाया गया तो वह खाली मिला। बहालगढ़ थाना पुलिस ने चोरी की प्राथमिकी दर्ज कर ली है।
दिल्ली के सीलमपुर स्थित शांति मोहल्ला निवासी विपुल कुमार ने बहालगढ़ थाना में दर्ज प्राथमिकी में बताया कि वह अपने भाई रजत, उनके दोस्त मोहित और पड़ोसी विशाल के साथ 16 अप्रैल को कुमासपुर स्थित जुरासिक वाटर पार्क में नहाने आए थे।
सभी ने अपना सामान सुरक्षित रखने के लिए लॉकर नंबर 0065 लिया था। उन्होंने बताया कि लॉकर में सामान रखकर वह नहाने चले गए। लॉकर की चाबी विशाल के पास थी। नहाते समय चाबी गुम हो गई।
जब उन्हें पता लगा तो स्टाफ की मदद से लॉकर खोला गया तो वह खाली था। उसमें रखे तीन मोबाइल, करीब 5900 रुपये, कैमरे की बैटरियां, पावर बैंक, हेलमेट, बैग और दो बाइकों की चाबियां गायब थीं। पीडि़तों के अनुसार पार्क प्रबंधन ने भीड़ अधिक होने का हवाला देते हुए बाद में सीसीटीवी फुटेज चेक करने की बात कही। इसके बाद पीडि़तों ने डायल-112 पर सूचना दी और एक दिन बाद थाना बहालगढ़ में शिकायत दर्ज कराई।
Sonipat News: लॉकर से मोबाइल समेत चार युवकों का सामान किया चोरी



