[ad_1]
बालसमंद। गांव खारिया के राजकीय प्राथमिक विद्यालय में बुनियादी सुविधाओं की भारी कमी बच्चों की पढ़ाई पर प्रतिकूल असर डाल रही है। करीब तीन साल पहले स्कूल के 9 जर्जर कमरों को तोड़ दिया गया था लेकिन विभाग ने अब तक नए कमरे बनाने का काम शुरू नहीं किया है।
वर्तमान में स्कूल में सिर्फ दो कमरे ही बचे हैं जबकि यहां 65 बच्चे पढ़ाई कर रहे हैं। ऐसे में एक ही समय में सभी कक्षाओं को बैठाना और पढ़ाना शिक्षकों के लिए बेहद मुश्किल हो गया है। स्कूल में कुल छह कक्षाएं संचालित होती हैं लेकिन कमरों की कमी के कारण सभी बच्चों को सिर्फ दो कमरों में बैठाकर पढ़ाना पड़ता है।
ग्रामीण रमेश, सुरेश, बलजीत नंबरदार का कहना है कि छोटे बच्चों को इस तरह तंग जगह में बैठाकर पढ़ाना उनके भविष्य के साथ खिलवाड़ है। उन्होंने प्रशासन से नए कमरे जल्द बनवाने की मांग की है ताकि बच्चों को बेहतर शिक्षा का माहौल मिल सके।
स्कूल के दो कमरों से कक्षाएं और कार्यालय चलाना बेहद मुश्किल हो रहा है। हमने विभाग को कई बार लिखित में मांग भेजी है लेकिन समस्या का समाधान नहीं हो सका है।
– जितेंद्र, हेड टीचर, प्राथमिक स्कूल, खारिया।
हमने पूर्व विधायक भव्य बिश्नोई को कई बार लिखित में समस्या दी है और शिक्षा विभाग के अधिकारियों से भी मुलाकात कर कमरे बनवाने की मांग की है। जल्द ही हम दोबारा शिक्षा विभाग और विधायक से मिलकर इस मुद्दे को उठाएंगे।
– बलवान सिंह, सरपंच, खारिया।
[ad_2]
Hisar News: खारिया में तीन साल से 6 कक्षाओं के बच्चे 2 कमरों में कर रहे पढ़ाई


