[ad_1]
मुख्यमंत्री की ड्यूटी में बड़ी लापरवाही का मामला सामने आया है। स्वास्थ्य विभाग की तरफ से पांच अप्रैल को आयोजित मुख्यमंत्री की रैली में खाली ऑक्सीजन सिलिंडर भेज दिया गया। चूक का पता चला तो आनन-फानन दूसरा सिलिंडर मंगवाया गया। सीएमओ और सीआईडी की जांच में लापरवाही की पुष्टि होने पर संबंधित नर्सिंग अधिकारी के खिलाफ कार्रवाई की सिफारिश की गई है।
मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी के आगमन से पहले जिमखाना क्लब में उनके स्वास्थ्य को ध्यान में रखते हुए विशेष चिकित्सीय व्यवस्थाएं की गई थीं। एंबुलेंस, ऑक्सीजन सिलिंडर व अन्य आवश्यक चिकित्सा उपकरण पहले से रखने के निर्देश दिए गए थे लेकिन इसी बीच सीनियर नर्सिंग अधिकारी की ओर से भेजा गया ऑक्सीजन सिलिंडर खाली निकला।
मामले का खुलासा तब हुआ जब सीएमओ और सीआईडी टीम ने मौके पर व्यवस्थाओं की जांच की। स्वास्थ्य विभाग ने तुरंत हड़बड़ाहट में एंबुलेंस भेजकर भरा ऑक्सीजन सिलिंडर मंगवाया। घटना को लेकर विभाग की कार्यप्रणाली पर सवाल खड़े हो गए हैं। अगर समय रहते जांच न होती तो लापरवाही किसी बड़े जोखिम का कारण बन सकती थी। वहीं, इस घटना ने वीआईपी ड्यूटी के दौरान स्वास्थ्य व्यवस्थाओं की विश्वसनीयता पर भी सवाल खड़े कर दिए हैं।
संबंधित नर्सिंग अधिकारी के खिलाफ कार्रवाई के लिए उच्च अधिकारियों को पत्र लिख दिया है। स्वास्थ्य विभाग के अधिकारी मामले की जांच कर रहे हैं। -डॉ. रघुवीर पूनिया, पीएमओ नागरिक अस्पताल जींद।
[ad_2]




