[ad_1]
अंबाला: होली, जिसे रंगों का त्योहार कहा जाता है, हर व्यक्ति इस दिन एक-दूसरे को रंग लगाकर खुशी के साथ मनाता है. इस वर्ष 3 मार्च को होली का पर्व मनाया जाएगा. त्योहार को देखते हुए आईआरसीटीसी द्वारा स्पेशल ट्रेनों का संचालन किया जा रहा है, ताकि बड़ी संख्या में रेल यात्रियों को सुविधा और आरामदायक यात्रा का लाभ मिल सके.
बता दें कि उत्तर रेलवे की ओर से जम्मू, फिरोजपुर और अंबाला जैसे प्रमुख शहरों से बिहार, उत्तर प्रदेश सहित विभिन्न राज्यों के लिए विशेष ट्रेनें चलाई जा रही हैं.
अंबाला रेल मंडल की ओर से 20 स्पेशल ट्रेनों का संचालन
इस संबंध में लोकल 18 से बातचीत करते हुए अंबाला रेल मंडल के सीनियर डीसीएम नवीन कुमार ने बताया कि रेलवे ने होली को देखते हुए अपनी तैयारियां पहले ही पूरी कर ली हैं. जिन स्टेशनों पर यात्रियों की अधिक भीड़ की संभावना है, वहां स्पेशल ट्रेनें चलाई जा रही हैं. जम्मू, फिरोजपुर और अंबाला डिविजन की ओर से लगभग 20 होली स्पेशल ट्रेनों का संचालन अलग-अलग रूट पर किया जा रहा है. इन ट्रेनों के कुल 122 चक्कर (आवागमन) निर्धारित किए गए हैं. उन्होंने बताया कि ये सभी ट्रेनें 6 मार्च तक संचालित रहेंगी. यदि आवश्यकता पड़ी तो अतिरिक्त स्पेशल ट्रेनें भी चलाई जा सकती हैं, जिसकी जानकारी रेलवे की आधिकारिक वेबसाइट पर उपलब्ध होगी.
प्रमुख ट्रेनों का शेड्यूल
मिली जानकारी के अनुसार, सरहिंद-मधुबनी-सरहिंद के बीच ट्रेन संख्या 04530/04529 चलाई जाएगी. यह आरक्षित स्पेशल एक्सप्रेस 25 फरवरी, 2 मार्च और 6 मार्च को सरहिंद से रवाना होगी, जबकि वापसी में मधुबनी से 26 फरवरी, 3 मार्च और 7 मार्च को चलेगी. इसमें एसी, स्लीपर और जनरल कोच की सुविधा उपलब्ध होगी.
इसी प्रकार अमृतसर-मानसी-अमृतसर के बीच ट्रेन संख्या 04610/04609 संचालित की जाएगी. यह ट्रेन अमृतसर से 24 व 28 फरवरी और 4 मार्च को चलेगी तथा वापसी में मानसी से 26 फरवरी, 2 मार्च और 6 मार्च को रवाना होगी. ये ट्रेनें अंबाला कैंट, सहारनपुर, मुरादाबाद, बरेली, लखनऊ, अयोध्या धाम, गोरखपुर, छपरा, हाजीपुर और सीतामढ़ी जैसे प्रमुख स्टेशनों पर रुकेंगी.
कटिहार-अमृतसर स्पेशल ट्रेन (05736) 25 फरवरी से 25 मार्च 2026 तक प्रत्येक बुधवार को चलेगी. यह कटिहार से रात 9 बजे प्रस्थान कर शुक्रवार सुबह 9:45 बजे अमृतसर पहुंचेगी.
‘रेल वन’ ऐप का करें उपयोग
ट्रेनों की सही जानकारी और बुकिंग के लिए यात्री ‘रेल वन’ ऐप का उपयोग कर सकते हैं. प्ले स्टोर से ऐप डाउनलोड कर रजिस्टर करें, मोबाइल नंबर दर्ज कर ओटीपी से सत्यापन करें और प्रोफाइल पूरा करें. आधार सत्यापन के बाद टिकट बुकिंग, ट्रेन से संबंधित जानकारी, भोजन व्यवस्था और शिकायत जैसी सुविधाएं उपलब्ध होंगी. साथ ही, अनारक्षित (जनरल) टिकट बुकिंग पर 14 जुलाई तक 3% की छूट भी दी जा रही है.
[ad_2]


