[ad_1]
चरखी दादरी में परशुराम चौक के पास होर्डिंग्स हटाते नगर परिषद कर्मचारी।
चरखी दादरी। विधानसभा चुनाव की तारीख घोषित हो गई है। प्रदेश में एक अक्तूबर को मतदान और चार अक्तूबर को मतगणना होगी। वर्ष 2019 के विधानसभा चुनाव के मुकाबले दादरी में इस बार 24,000 मतदाता बढ़े हैं। पिछले विधानसभा चुनाव में दादरी व बाढड़ा विधानसभा क्षेत्र में मतदाताओं की संख्या 3.81 लाख थी, जो इस बार 4.05 लाख का आंकड़ा पार कर गई है।
पिछले चुनाव की बात करें तो दादरी हलके से सोमबीर सांगवान ने निर्दलीय चुनाव लड़कर जीत हासिल की थी जबकि बाढड़ा से जजपा उम्मीदवार नैना चौटाला विजेता बनी थीं।
वर्ष 2019 के चुनाव की बात करें तो दादरी हलके में 1,93,899 मतदाता थे, जिनमें 89,209 महिला और 1,04,690 पुरुष मतदाता थे। इसी प्रकार बाढड़ा हलके में 1,87,862 मतदाता थे, जिनमें से 86,727 महिला और 1,01,135 पुरुष मतदाता थे। वहीं, इस चुनाव में दोनों हलकों में मतदाताओं की संख्या बढ़ी है। जिले में 439 मतदान केंद्र हैं। खंडवार स्थिति देखें तो दादरी में 128, झोझूकलां में 119, बाढड़ा ब्लॉक में 96 और बौंदकलां ब्लॉक में 96 मतदान केंद्र हैं।
चुनाव आचार संहिता लागू हो चुकी है। अब किसी भी प्रकार का सरकारी प्रचार नहीं होगा और न ही सत्ताधारी दल सरकारी मशीनरी का इस्तेमाल कर सकेंगे। उपायुक्त डॉ. राहुल नरवाल ने स्पष्ट किया कि चुनावी प्रक्रिया से जुड़े अधिकारी और कर्मचारी अगर कोई कोताही करते हैं तो उनके खिलाफ अनुशासनात्मक कार्रवाई होगी। आपराधिक केस भी दर्ज किया जा सकता है।
उपायुक्त ने बताया कि चुनाव प्रक्रिया के दौरान चुनाव आचार संहिता का उल्लंघन करने वाले लोगों के खिलाफ जनप्रतिनिधित्व अधिनियम के तहत कार्रवाई की जाएगी।
– ये बड़ी परियोजनाएं फिर अटकीं
शुक्रवार से आदर्श आचार संहिता लागू हो गई है। इससे अब किसी नई परियोजना पर काम शुरू नहीं हो पाएगा। इतना ही नहीं, जिले के मेडिकल कॉलेज, दादरी राजकीय कॉलेज, रोहतक रोड आरओबी आदि बड़ी परियोजनाओं के लिए भी जिलावासियों को अब विधानसभा चुनाव खत्म होने तक इंतजार करना पड़ेगा। करीब 300 करोड़ की इन तीनों परियोजनाओं पर अब तक धरातल पर काम शुरू नहीं हो पाया है। ऐसे में अभी लोगों को ढाई से तीन माह का और इंतजार करना पड़ेगा।
– होर्डिंग्स से पटा शहर, हटाने की कवायद शुरू
स्वतंत्रता दिवस के मद्देनजर नेताओं ने शहर में दो हजार से अधिक होर्डिंग्स लगाए हैं। शहर के रोहतक रोड, बस स्टैंड रोड, सरदार झाडू सिंह चौक रोड, झज्जर घाटी, पुराना दिल्ली रोड, तिकोना पार्क, कॉलेज रोड, कोर्ट रोड, पीडब्ल्यूडी रेस्ट हाउस रोड पर होर्डिंग्स की भरमार है। शुक्रवार को आचार संहिता लागू होते ही नगर परिषद कर्मचारियों ने होर्डिंग्स हटाने की कवायद शुरू कर दी है।
– 27 अगस्त को होगा मतदाता सूची का अंतिम प्रकाशन
उपायुक्त राहुल नरवाल ने कहा कि उनका पूरा प्रयास है कि जो भी नागरिक एक जुलाई 2024 को 18 साल का हो गया है, उसका नाम अवश्य मतदाता सूची में हो। उन्होंने कहा कि चुनाव आयोग की वेबसाइट पर भी मतदाता सूची उपलब्ध है। इस पर मतदाता अपने नाम को चेक कर सकते हैं। पुनरीक्षण के बाद 27 अगस्त को मतदाता सूची का अंतिम प्रकाशन कर दिया जाएगा। उन्होंने मतदाताओं से अपील की है कि वे अपना पहचानपत्र अवश्य लें। प्रशासन का पूरा प्रयास रहेगा कि इस बार के विधानसभा चुनाव में अधिक से अधिक मतदान हो, विशेषकर युवाओं को मतदान के लिए प्रेरित भी किया जाएगा।
– मतदान केंद्रों पर मिलेंगी मूलभूत सुविधाएं
उपायुक्त ने कहा कि मतदान केंद्रों की गतिविधियों पर नजर रखने के लिए पुलिस बल समेत सूचना एवं प्रौद्योगिकी की हर तकनीक का प्रयोग किया जाएगा। मतदान केंद्रों पर मतदाताओं के लिए सभी प्रकार की मूलभूत सुविधाएं उपलब्ध करवाईं जाएंगी।
[ad_2]
Charkhi Dadri News: पांच साल में जिले में बढ़े 24,000 मतदाता



