तेंदुआ के खौफ में अनंगपुर गांव, रात होते ही रिहायशी इलाकों में दिख रहा शिकारी Haryana News & Updates

[ad_1]

Last Updated:

फरीदाबाद के अनंगपुर गांव में तेंदुए के दिखने से लोगों में डर का माहौल है. ग्रामीणों के अनुसार, तेंदुआ अब जंगल से निकलकर रिहायशी इलाकों तक पहुंच रहा है और रात के समय अक्सर दिखाई देता है. कुत्तों को शिकार बनाने की घटनाओं के बाद लोगों ने वन विभाग से जल्द कार्रवाई की मांग की है.

फरीदाबाद: फरीदाबाद के अनंगपुर गांव में इन दिनों लोगों की रातों की नींद उड़ी हुई है. वजह है गांव में दिख रहा तेंदुआ. ग्रामीणों का कहना है कि तेंदुआ अब जंगल तक सीमित नहीं रहा बल्कि रिहायशी इलाकों तक पहुंच गया है. खासकर रात होते ही लोगों में डर का माहौल बन जाता है. कई लोगों ने दावा किया है कि तेंदुआ रोज रात को 8:30 से 10:30 बजे के बीच कहीं न कहीं दिखाई दे जाता है जिससे लोग घर से बाहर निकलने से भी डरने लगे हैं.

शाम होते ही डर लगने लगता है

Local18 से बातचीत में गांव की रहने वाली अनसूईया ने बताया मैं पिछले 18 साल से इसी गांव में रह रही हूं. मैं किराने की दुकान चलाती हूं. मैंने तेंदुआ इससे पहले कभी नहीं देखा. पिछले दो हफ्तों से तेंदुआ दिखाई देने लगा है. मेरी दुकान से महज 50 मीटर दूर तक आ जाता है. शाम होते ही डर लगने लगता है, क्योंकि कई बार मैं खुद तेंदुए को देख चुकी हूं.

पहली बार तेंदुए को रात करीब 10:30 बजे देखा

पास की कंपनी में काम करने वाले सत्यम ने बताया पहली बार तेंदुए को रात करीब 10:30 बजे देखा. अब काम से लौटते वक्त डर लगा रहता है. रामकुमार ने बताया मैंने तेंदुए को नहीं देखा लेकिन गांव में कई लोगों से सुना है और वीडियो में भी देखा है जिससे साफ है कि तेंदुआ रिहायशी इलाके तक आ रहा है.

रतन लाल ने बताया मैं पिछले 25 साल से गांव में रह रहा हूं. तेंदुआ जंगल से निकलकर गांव की तरफ आता है और ज्यादातर रात 9 से 10 बजे के बाद दिखाई देता है.

अभी तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई है

सुधीर कुमार ने बताया तेंदुआ यहीं आस पास रियासी एरिया में दिखने लगा है जिससे बच्चों और महिलाओं के लिए खतरा बढ़ गया है. वन विभाग को सूचना दी गई है लेकिन अभी तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई है.

तेंदुआ, कुत्तों को शिकार बना रहा है

प्रमोद सिंह ने बताया मैं यहीं गार्ड की नौकरी करता हूं. मैने खुद रात 11 बजे तेंदुए को देखा है. प्रमोद ने बताया अब हालात ऐसे हो गए हैं कि रात में गेट बंद रखने पड़ते हैं. हालांकि, अभी तक किसी इंसान को नुकसान नहीं पहुंचा है लेकिन तेंदुआ, कुत्तों को शिकार बना रहा है.

गांव वालों की मांग है कि वन विभाग जल्द से जल्द कार्रवाई करे, ताकि लोगों में फैला डर खत्म हो सके और कोई बड़ा हादसा होने से पहले हालात पर काबू पाया जा सके.

About the Author

Vivek Kumar

विवेक कुमार एक सीनियर जर्नलिस्ट हैं, जिन्हें मीडिया में 10 साल का अनुभव है. वर्तमान में न्यूज 18 हिंदी के साथ जुड़े हैं और हरियाणा, उत्तर प्रदेश और उत्तराखंड की लोकल खबरों पर नजर रहती है. इसके अलावा इन्हें देश-…और पढ़ें

[ad_2]