[ad_1]
फतेहाबाद के गांव हिजरावां कलां के खेतों में स्टॉक करके रखी गई लाखों रुपये की धान की पराली में वीरवार आधी रात को आग लग गई। आग लगने से पराली जलकर राख हो गई। पराली की गांठों में आग लगने से करीब 20 लाख रुपये का नुकसान बताया गया है।
आधी रात को ही अग्निशमन विभाग की गाड़ियों के साथ कर्मचारियों ने मौके पर पहुंचकर आग पर काबू पाया। वहीं, इस मामले में शुक्रवार को सुबह पराली का स्टॉक करने वाले किसान कृषि विभाग के उपनिदेशक डॉ.राजेश सिहाग से मिले और संदेह प्रकट किया कि पराली के स्टाॅक में किसी ने जान बूझकर आग लगाई है।
उन्होंने नुकसान की भरपाई के लिए प्रशासन से गुहार भी लगाई। लघु सचिवालय पहुंचे हिजरावां कलां निवासी हरपाल सिंह, घुक सिंह व ढाणी ईस्सर निवासी सुरजीत सिंह ने बताया कि उन्होंने आसपास के गांवों के किसानों से पराली की गांठें खरीद कर हिजरावां कलां में पेट्रोल पंप के पास स्टॉक किया हुआ था।
यहां पर हजारों की संख्या में पराली की गांठें पड़ी थी, जिनमें रात को आग लग गई। गांठों की कीमत लगभग 20 लाख रुपये बताई गई है। उन्होंने बताया कि उनके पास आय का कोई और जरिया नहीं है, इसलिए वे यह काम करके घर का गुजारा चला रहे थे। अब इतना भारी नुकसान होने से उनके समक्ष आर्थिक संकट आ गया है। सरकार व प्रशासन से उन्होंने मदद की गुहार लगाई।
[ad_2]



