[ad_1]
चरखी-दादरी की सफाई व्यवस्था को बेहतर करने के लिए नगर परिषद बेडे में पहुंची 18 तीन पहिया रिक्शा रेहड़ी में तीन पार्षद व प्रतिनिधियों ने भ्रष्टाचार का आरोप लगाया है। वीरवार को नगर परिषद कार्यालय में खड़ी रिक्शा रेहड़ियों का मडगार्ड पार्षद प्रतिनिधि विरेंद्र चरखी ने एक अंगुली और अंगूठे से मोड़कर दिखाया। कहा कि चेयरमैन भ्रष्टाचार का प्रमाण मांगते हैं और इससे बड़ा प्रमाण क्या दें?
बता दें कि वार्डाें की गलियों से कचरा उठान के लिए नगर परिषद ने जैम पोर्टल से 50 तीन पहिया रिक्शा खरीदी हैं। पहली खेप के रूप में कुरुक्षेत्र की एजेंसी ने 18 रिक्शा रेहड़ी भेजी हैं और बाकी 32 रेहड़ियां अगली दो खेप में पहुंचेंगी। 50 रेहड़ियां पहुंचने के बाद तकनीकी टीम इनका निरीक्षण कर गुणवत्ता जांचेंगी और इसके बाद स्पष्ट होगा कि ये तीन पहिया रिक्शा रेहड़ियां खरीदी जाएंगी या नहीं।
वहीं, वीरवार को चार बार के पार्षद मनोज वर्मा, पार्षद प्रतिनिधि विरेंद्र चरखी व विकास ने नगर परिषद कार्यालय में प्रेसवार्ता की। इससे पहले उन्होंने रिक्शा रेहड़ियों के पास जाकर अंगुली व अंगूठे से आगे के पहिये का मडगार्ड मोड़कर भी दिखाया। उन्होंने कहा कि चेयरमैन ने मोटे कमिशन के चक्कर में बिल्कुल खराब रिक्शा रेहड़ियां खरीदी हैं और इस खरीद की जांच होनी चाहिए।
सरकार के पोर्टल से खरीदी रेहड़ियां का टीम लेगी जायजा, आरोप निराधार: चेयरमैन
नगर परिषद चेयरमैन बक्शीराम सैनी ने कहा कि रिक्शा रेहड़ियां जैम पोर्टल से खरीदी गई हैं। एक रेहड़ी की कीमत करीब साढ़े 19 हजार रुपये है। 50 रेहड़ियां पहुंचने के बाद टीम निरीक्षण करेगी और उस दौरान अगर गुणवत्ता नियमानुसार नहीं मिली तो रेहड़ियां वापस भेज दी जाएंगी। भ्रष्टाचार के आरोप निराधार हैं। अगर पार्षदों ने मुझ पर बिना सबूतों के बेबुनियाद आरोप लगाए तो मानहानि का केस करूंगा।
[ad_2]
VIDEO : दादरी में तीन पहिया रिक्शा खरीद में भ्रष्टाचार का आरोप, पार्षद प्रतिनिधि ने एक अंगुली और अंगूठे से मोड़ा मडगार्ड



