सोनीपत। नगर निगम हाउस की बैठक शुक्रवार देर रात कर चली। सेक्टर-23 स्थित सामुदायिक केंद्र में हुई बैठक में 225 से ज्यादा एजेंडों पर चर्चा की गई। इसमें सुभाष चौक पर कस्टोडियन की जमीन पर बनी 17 दुकानों को तोड़ने के बाद पुनर्वास करने का प्रस्ताव पारित किया गया।
इसके अलावा निगम क्षेत्र में बंदरों को पकड़ने का कार्य जल्द शुरू करने का प्रस्ताव पारित किया गया। मेयर राजीव जैन की अध्यक्षता में हुई बैठक में पार्षदों ने शहर में तेजी से चल रहे विकास कार्यों पर संतुष्टि जताई। साथ ही अधिकारियों से कार्यों की गुणवत्ता पर ध्यान देने एवं तेजी से काम करवाने की अपील की।
बैठक में सफाई के नए ठेकेदार को सफाई व्यवस्था में सुधार के लिए साधन पूरा देने एवं रोड स्वीपिंग मशीनों को चलाने का भी आग्रह किया गया। पार्षदों ने सड़कों की मरम्मत जल्द करवाने की मांग रखी।
बैठक में गोहाना बाईपास पर वीटा चौक बनाने, सैन चौक, भगवान महावीर चौक, हरसाना गांव का सामुदायिक केंद्र पंचायत को सौंपने, विभिन्न गांवों के तालाबों की सफाई करवाने व गांवों में भी यमुना के पानी की आपूर्ति शुरू करने का प्रस्ताव पास किया गया।
वहीं, जिंदल विश्वविद्यालय को नगर निगम की तीन एकड़ जमीन किराये पर देने के बजाय बेचने, गांव जाट जोशी, जगदीशपुर के श्मशान घाटों के पुनर्निर्माण और पार्कों का रखरखाव का टेंडर जारी करने के प्रस्ताव पारित किए गए। इसके अतिरिक्त अवैध कॉलोनियों व निर्माणों पर सख्ती से कार्रवाई करने की मांग भी उठाई गई।
बैठक में विधायक निखिल मदान, आयुक्त हर्षित कुमार, सह आयुक्त मीतू धनखड़, अनिल दून, सीनियर डिप्टी मेयर राजीव सरोहा, डिप्टी मेयर मनजीत गहलावत, पार्षद व अन्य अधिकारी मौजूद रहे।