[ad_1]
सोनीपत। कौशल विकास एवं औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थान (आईटीआई) में रिक्त सीटों पर दाखिले के लिए चल रही ऑन द स्पॉट दाखिला प्रक्रिया शनिवार को भी जारी रही। सोनीपत आईटीआई में सुबह 20 विद्यार्थियों ने दाखिले के लिए अपना रैंक कार्ड जमा करवाया, इनमें से 16 विद्यार्थियों को सीट अलॉट की गई। चार विद्यार्थियों ने मनपसंद सीट नहीं मिलने की बात कहते हुए दाखिला लेने से इंकार कर दिया।
जिले की 13 आईटीआई में 3956 सीटों के लिए आवेदन प्रक्रिया पूरी होने के बाद चार चरणों में दाखिला प्रक्रिया चली थी। दाखिला प्रक्रिया पूरी होने के बावजूद जिले की आईटीआई में 40 से 50 फीसदी तक सीटें रिक्त रह गई थी। रिक्त सीटों पर दाखिले करने के लिए विभाग ने ऑन द स्पॉट दाखिला प्रक्रिया शुरू की, जो 23 अगस्त तक जारी रहेगी। आईटीआई प्रबंधन का कहना है कि जिन विद्यार्थियों को सीट अलॉट की जाती हैं, उन्हें उसी तिथि पर रात 12 बजे तक फीस जमा करवाते हुए दाखिला सुनिश्चित करवाना होता है। फीस जमा नहीं करवाने वाले विद्यार्थियों का दाखिला निरस्त कर दिया जाता है और उस सीट को रिक्त माना जाता है।
सोनीपत आईटीआई में 200 सीटें रिक्त
सोनीपत आईटीआई की 33 ट्रेड्स की 1004 सीटों पर चल रही दाखिला प्रक्रिया के तहत अब तक 804 सीटों पर दाखिले हो चुके हैं। जबकि 200 सीटें रिक्त हैं। इन सीटों पर ऑन द स्पॉट दाखिला प्रक्रिया के तहत पहले आओ, पहले पाओ के आधार पर दाखिले दिए जा रहे हैं। हालांकि ऑन द स्पॉट दाखिला प्रक्रिया में शामिल होने वाले विद्यार्थियों की संख्या धीरे-धीरे कम होती जा रही है।
-आईटीआई में ऑन द स्पॉट दाखिला प्रक्रिया के तहत दाखिले किए जा रहे हैं। यह प्रक्रिया रविवार को अवकाश के दिन भी जारी रहेगी। दाखिला लेने के इच्छुक विद्यार्थी रविवार सुबह संबंधित आईटीआई में अपना रैंक कार्ड जमा करवाते हुए मेरिट सूची में शामिल हो सकते हैं। सोमवार को रक्षाबंधन पर अवकाश रहेगा।
– विक्रम सिंह, प्राचार्य, आईटीआई, सोनीपत
[ad_2]
Sonipat News: आईटीआई में 20 ने जमा करवाया रैंक कार्ड, 16 को अलॉट की सीट



