सोनीपत। शिक्षा विभाग की ओर से जिले के सभी 420 राजकीय प्राथमिक विद्यालयों में सोमवार को कक्षा दूसरी व तीसरी के विद्यार्थियों का हिंदी विषय का आकलन किया जा रहा है। इस आकलन का उद्देश्य राष्ट्रीय शिक्षा नीति के तहत विद्यार्थियाें का शिक्षा स्तर जानना है।
आकलन के पहले दिन सभी विद्यालयों में 12 हजार से अधिक विद्यार्थियों ने अपनी उपस्थिति दर्ज करवाई। वहीं 16 सितंबर को सभी प्राथमिक विद्यालयों में गणित विषय पर आकलन किया जाएगा। जिला एफएलएन समन्वयक मनोज वर्मा ने बताया कि विद्यालय शिक्षा निदेशालय की ओर से निपुण हरियाणा मिशन को मजबूती प्रदान करने व बच्चों की सीखने की क्षमता का आकलन करने के उद्देश्य से सेंसस ग्रुपिंग असेसमेंट का आयोजन किया गया है।
इसी क्रम में सोमवार को सोनीपत के सभी खंडों के प्रत्येक प्राथमिक विद्यालयों में कक्षा दूसरी व तीसरी के विद्यार्थियों के हिंदी विषय का मूल्यांकन करवाया गया। उन्होंने बताया कि यह आकलन निपुण हरियाणा टीचर एप के माध्यम से किया गया।
इससे पहले 10 से 12 सितंबर तक जिले के टीजीटी व पीजीटी शिक्षकों को ऑफलाइन प्रशिक्षण दिया गया था।प्रशिक्षण के बाद सभी विद्यालयों में दोनों कक्षाओं के विद्यार्थियों का आकलन एक समान पैटर्न पर करवाया गया ताकि बच्चों की सीखने की स्थिति को जानकर और सुधार लाया जा सके।
खंड अनुसार यह रही स्थिति
जिला एफएलएन समन्वयक ने बताया कि दोपहर 1:45 बजे तक खंड मुंडलाना 93.36 फीसदी उपस्थिति के साथ प्रथम स्थान पर रहा। कथूरा के 90.83 फीसदी, खरखौदा के 88.15 फीसदी, गोहाना के 87.87 फीसदी, गन्नौर के 80.66 फीसदी, राई के 80.38 फीसदी व सोनीपत खंड के 78.61 फीसदी विद्यार्थियों ने आकलन प्रक्रिया में भाग लिया।
विभाग की ओर से जिले में सभी 15,253 विद्यार्थियों का आकलन करवाने का लक्ष्य रखा गया था। इनमें से 12,571 विद्यार्थियों की आकलन प्रक्रिया दोपहर तक पूरी तर ली गई। हालांकि, इन विद्यार्थियों में शाम के सत्र वाले विद्यार्थी को शामिल नहीं किया गया है।
आज होगा गणित विषय पर आकलन
जिले में 16 सितंबर को कक्षा दूसरी व तीसरी के विद्यार्थियों का गणित विषय पर आधारित आकलन निपुण हरियाणा टीचर एप के माध्यम से करवाया जाएगा। शिक्षा विभाग का मानना है कि दो दिवसीय अभ्यास से न केवल विद्यार्थियों की बुनियादी योग्यता का सही आकलन होगा बल्कि निपुण हरियाणा मिशन के लक्ष्यों को हासिल करने की दिशा में ठोस कदम भी साबित होगा।
जिले के सभी प्राथमिक विद्यालयों में मूल्यांकनकर्ताओं, प्राथमिक शिक्षकों के सहयोग से इस शैक्षणिक अभियान को सफलता मिली है। इस अभ्यास के माध्यम से न केवल विद्यार्थियों की शैक्षिक स्थिति को जाना जा सकेगा बल्कि शिक्षकाें को अपनी शिक्षण पद्धति को और प्रभावी बनाने का अवसर मिलेगा। -रचना बाना, जिला मौलिक शिक्षा अधिकारी, सोनीपत।
फोटो 26- सोनीपत के मॉडल टाउन स्थित राजकीय मॉडल संस्कृति वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय में छात्र का

फोटो 26- सोनीपत के मॉडल टाउन स्थित राजकीय मॉडल संस्कृति वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय में छात्र का
Sonipat News: शैक्षिक आकलन में मुंडलाना खंड अव्वल तो सोनीपत सबसे पीछे रहा



