Sirsa News: सिरसा के अरनियावली गांव के चालक ने रामायण टोल प्लाजा के पास झाड़ियों में फेंका था चोरी की 40 किलो चांदी का थैला Latest Haryana News

[ad_1]

सिरसा, हिसार। प्राइवेट टूर ट्रैवल बस से 40 किलोग्राम चांदी चोरी मामले में पुलिस ने महज 13 घंटे में ही वारदात का खुलासा करते हुए आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने आरोपी बस चालक सिरसा जिले के गांव अरनियावली निवासी सतपाल को गिरफ्तार कर उसकी निशानदेही पर करीब एक करोड़ रुपये की कीमत की चांदी बरामद कर ली है। पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज, मोबाइल लोकेशन और अन्य साक्ष्यों के जरिये आरोपी तक पहुंची। बस चालक ने रामायण टोल प्लाजा के पास चांदी का थैला झाड़ियों में फेंक दिया था।

अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक मयंक मुदगिल ने शुक्रवार को पुलिस कांफ्रेंस रूम में मीडिया से बातचीत में बताया कि 19 मार्च को सुबह लगभग 6 बजे कंट्रोल रूम को 40 किलो चांदी चोरी होने की सूचना मिली थी। मौके पर पहुंची पुलिस टीम को अग्रोहा निवासी रविंद्र सोनी ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि फतेहाबाद में उसकी देव पायल नाम से चांदी के सामान की दुकान है। 18 मार्च की रात लगभग 11 बजे मथुरा निवासी राजेश शर्मा मथुरा स्थित मीशका इंटरप्राइजेज व श्रीनाथ ज्वेलर से 39.844 किलोग्राम चांदी का सामान लेकर विजय ट्रवेल्स में सवार होकर फतेहाबाद आ रहा था। 19 मार्च की सुबह करीब 6 बजे राजेश शर्मा ने अग्रोहा के पास पहुंचकर फोन के माध्यम से सूचना दी कि बस में रखा चांदी का बैग रास्ते में चोरी हो गया है।

सूचना के बाद पुलिस की तीन टीम गठित की गई। राजेश शर्मा ने बस चालक पर शक जाहिर किया था। एएसआई संदीप और स्पेशल स्टाफ इंचार्ज इंस्पेक्टर पवन के नेतृत्व में जांच शुरू की गई। पुलिस ने आरोपी बस चालक के मोबाइल की लोकेशन ट्रैक की। पुलिस ने अलग-अलग स्थानों पर सीसीटीवी फुटेज भी खंगाली जिसमें पता चला कि रामायण टोल प्लाजा पर उतर कर सतपाल ने बैग से चांदी वाला बोरा निकालकर झाड़ियों में फेंक दिया। बाद में उसने बैग को अलग से फेंक दिया। इसके बाद वह दोबारा से आकर बस चलाने लगा।

बस को सिरसा में दूसरे चालक के हवाले छोड़कर वह बाद में चांदी को वहां से उठा कर ले जाने की फिराक में था। व्यापारी राजेश शर्मा को जब अग्रोहा टोल प्लाजा के पास बैग नहीं मिला तो उसने पुलिस को सूचना दी। चालक सतपाल सिरसा में बस छोड़कर वापस हिसार से हांसी जा रहा था तो पुलिस ने उसे हिरासत में ले लिया। पुलिस ने सतपाल की निशानदेही पर 39.844 किलोग्राम चांदी बरामद कर ली।

[ad_2]
Sirsa News: सिरसा के अरनियावली गांव के चालक ने रामायण टोल प्लाजा के पास झाड़ियों में फेंका था चोरी की 40 किलो चांदी का थैला