डबवाली। शहर की पुरानी अनाज मंडी में स्थित एक आढ़ती की दुकान से दिनदहाड़े अज्ञात 86 हजार रुपये चोरी कर भाग निकला। घटना तब हुई जब दुकानदार कुछ समय के लिए दुकान से बाहर गया था। दुकान में लगे सीसीटीवी कैमरे में पूरी वारदात रिकॉर्ड हो गई है, जिसके आधार पर पुलिस ने अज्ञात के खिलाफ केस दर्ज कर लिया है।
औजार की मदद से दराज से निकाली नकदी
पुलिस को दी शिकायत में फर्म मै. रामधन दास नारायण दास जैन के संचालक सुनील कुमार जैन ने बताया कि पुरानी अनाज मंडी में आढ़त की दुकान है। दोपहर करीब 3 बजे वह कुछ सामान लेने के लिए पास के मुख्य बाजार गए थे। लगभग 10 मिनट बाद जब वह लौटे तो देखा कि एक किसान दुकान के अंदर बैठा है। बातचीत के दौरान जब उन्होंने दराज की जांच की तो उसमें रखी नकदी गायब मिली।
सुनील कुमार ने किसान से पूछा कि क्या उनके पीछे कोई आया था, तो किसान ने बताया कि एक व्यक्ति दुकान में आया था और थोड़ी देर में ही निकल गया। इस पर उन्होंने तुरंत दुकान में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज चेक की। फुटेज में एक व्यक्ति दुकान में घुसता है, इधर-उधर देखकर जेब से औजार निकालता है और दराज खोलकर नकदी निकालता है। वह रकम को अपने साफे में छिपाकर बाहर निकल जाता है। गोल बाजार पुलिस चौकी प्रभारी विजय कुमार ने बताया कि शिकायत के आधार पर अज्ञात के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है।