[ad_1]
शहर के बाजार में सरकार के खिलाफ नारेबाजी कर सरकार का सयापा करते हुए कर्मचारी। संवाद
संवाद न्यूज एजेंसी
सिरसा। पक्की नौकरी सहित अन्य मांगों के लिए एनएचएम कर्मचारियों की हड़ताल 19वें दिन भी जारी रही। मंगलवार सुबह एनएचएम कर्मचारियों ने नागरिक अस्पताल के परीक्षण केंद्र के बाहर पार्क में नारेबाजी कर सरकार के खिलाफ प्रर्दशन किया। दोपहर में कर्मचारियों ने हाथ में कटोरा लेकर बाजारों में भीख मांगी और 1750 रुपये एकत्रित किए। इस दौरान सीएचओ लक्ष्मी देवी और बलजीत कौर एएनएम को चक्कर आ गया, जिससे वे बेहोश हो गईं। इन्हें इलाज के लिए निजी अस्पताल में ले जाया गया।
एनएचएम कर्मचारियों ने दोपहर एक बजे नागरिक अस्पताल से वाल्मीकि चौक, शिव चौक, सुरतगढि़या बाजार, सिटी थाना रोड, जगदेव सिंह चौक के आसपास की दुकानों व गलियों में भीख मांगी और सरकार के खिलाफ नारेबाजी की। जिला प्रधान कुंदन गावड़िया ने बताया कि एनएचएम कर्मचारी 18 दिनों से हड़ताल पर हैं। इसमें कर्मचारियों ने सरकार को चेताने के लिए टंकी चढ़े, कर्मचारियों ने मुंडन करवाया और मंगलवार को बाजारों में लोगों से भीख भी मांगी। इसके बावजूद सरकार के कानों तले जूं तक नहीं रेंग रही है। उन्होंने कहा कि जब तक सरकार कर्मचारियों की मांगों को नहीं मानेगी, तब तक हड़ताल जारी रहेगी। बुधवार को सभी एनएचएम कर्मचारी बाजारों में निकलकर रोष मार्च निकालेंगे और सरकार की कर्मचारी व जन विरोधी नीतियों के बारे में लोगों को बताएंगे।
हड़ताल के कारण स्वास्थ्य सेवाएं हो रहीं प्रभावित
हड़ताल की वजह से सभी टीकाकरण, गर्भवती महिलाओं के एएनसी चेक-अप, डिलीवरी, रेफरल ट्रांसपोर्ट, निरोगी हरियाणा कार्यक्रम, 100 दिनों का एनीमिया उन्मूलन कार्यक्रम, गैर संचारी रोगों की स्क्रीनिंग एवं सभी शाखाओं के ऑनलाइन पोर्टल और रिपोर्टिंग का कार्य पूरी तरह से ठप है। इसी के साथ ओपीडी से लेकर जिन विभागों में एनएचएम के कर्मचारी कार्य करते हैं, वह सभी प्रकार के कार्य प्रभावित हो रहे हैं।
[ad_2]
Sirsa News: एनएचएम कर्मचारियों ने कटोरा लेकर मांगी बाजारों में भीख, 1750 रुपये किए एकत्रित


