[ad_1]
रोहतक। जिले में सरसों फसल खरीद के पहले दिन व्यवस्थाएं लचर रहीं। बारदाना तक की व्यवस्था नहीं रही। शनिवार को कोई गेट पास भी नहीं कटा। मंडी में 491 क्विंटल सरसों की आवक हुई। इसमें से करीब 450 क्विंटल सरसों की प्राइवेट खरीद हुई। मंडी में पहुंचे किसानों ने आढ़तियाें को प्राइवेट तौर पर सरसों बेची। बाजार व सरकारी रेट में अंतर होने के कारण किसानाें का रुझान प्राइवेट खरीद की ओर दिख रहा है।
सरकार किसान की फसल एमएसपी पर 6200 रुपये प्रति क्विंटल के अनुसार खरीद तय की गई है। वहीं, बाजार में प्राइवेट तौर पर सरसों 6400 रुपये प्रति क्विंटल के हिसाब से बिक रही है। ऐसे में किसानों का रुझान प्राइवेट की तरफ है। बाजार में सरसों के भाव अधिक होने का कारण कम फसल उत्पादन माना जा रहा है।
मंडी में बारदाना की व्यवस्था नहीं
शनिवार को मंडी में खरीद के पहले दिन बारदाना की व्यवस्था नहीं रही। इसको लेकर जब जिला एवं खाद्य आपूर्ति अधिकारी मनीषा मेहरा से बात की उन्होंने अभी व्यवस्था कराएंगे कहकर कॉल ही काट दी।
सरकार एमएसपी पर 6200 रुपये प्रति क्विंटल के अनुसार खरीद रही है। वहीं, प्राइवेट तौर पर 6400 रुपये मिल रहे हैं। ऐसे में किसान अपनी फसल घाटे में क्यों बेचेगा। आढ़ति के पास फसल बेचने आया हूं।
– राजेश, डीघल, किसान
बाजार या आढ़तियों को बेचने पर ज्यादा मुनाफा मिल रहा है। ऐसे में किसान एमएसपी पर फसल क्यूं ही बेचेगा। प्रति क्विंटल 200 रुपये का अंतर है, इसलिए आढ़ति को ही बेचने आया हूं।
– राजेश, टिटौली, किसान
प्राइवेट तौर पर किसानों की फसल सरकारी रेट से अधिक में बिक रही है। इस कारण लोग प्राइवेट बेच रही है। आज जितनी सरसों की आवक हुई लगभग सारी बिक गई। मंडी में पहुंचने वाली फसल में अधिकतर में 10 प्रतिशत से कम नमी मिली। कुछ फसलों में 10 से अधिक नमी भी मिली।
– सतीश शर्मा, मंडी आढ़ती एसोसिएशन प्रधान रोहतक
पिछले साल 2025-26 का डेटा
मंडी सरसों
रोहतक व कलानौर 181137
महम 80852
सांपला 31522
महम में एसडीएम ने खरीद को लेकर दिए निर्देश
महम। मार्केट कमेटी कार्यालय में शनिवार को एसडीएम विपिन कुमार ने आढ़तियों के साथ बैठक कर गेहूं व अन्य रबी फसलों की खरीद को लेकर निर्देश दिए। उन्होंने बताया कि हैफेड व हरियाणा वेयरहाउसिंग कॉरपोरेशन की ओर से खरीद की जाएगी। उन्होंने एजेंसियों को निर्देश दिए कि वे समय से पहले पर्याप्त स्टाफ की तैनाती सुनिश्चित करें ताकि किसानों की फसल की निर्बाध खरीद हो सके। मंडी में पर्याप्त मात्रा में बारदाना, तिरपाल, पॉलिथीन कवर एवं अन्य आवश्यक सामग्री की व्यवस्था करने के निर्देश दिए। संवाद
सांपला मंडी में नहीं कटा गेट पास
सांपला। शनिवार को सरसों की सरकारी खरीद के पहले दिन कोई गेट पास नहीं कटा। मंडी में पिछले चार दिनों से बिक्री के लिए सरसों आ रही है। शनिवार को भी किसान सरसों लेकर पहुंचे। यह फसल निजी व्यापारियों को बेची। इसकी वजह बाजार में एमएसपी से अधिक दाम मिलना बताया गया है। मंडी में हैफेड को सरसों की खरीद करनी है। एजेंसी ने अब तक खरीद की कोई व्यवस्था नहीं की है। संवाद
कलानौर में दो गेट पास कटे
कलानौर। कलानौर में शनिवार को सरसों की आवक कम रही। मंडी में 49 क्विंटल सरसों पहुंची। यहां दो किसानों के ही गेट पास बने। मंडी में अभी शेडों में सन्नाटा पसरा हुआ है। सरसों की आवक के बाद ही यहां रौनक बढ़ेगी। फिलहाल, बाजार में एमएसपी से अधिक दाम मिलने के चलते किसान मंडी के बजाय निजी खरीदारों को फसल बेच रहे हैं। संवाद
[ad_2]
Rohtak News: मंडी में पहले दिन सरकारी खरीद नहीं, किसानों ने एमएसपी रेट से 200 रुपये अधिक बेची सरसों


