[ad_1]
रोहतक। सरकार की ओर से प्रस्तावित नए कलेक्टर रेट जिले की नई तस्वीर तय करेंगे। नए रेट लागू हुए तो डीपार्क बाजार पहली बार सबसे महंगा होगा। अब तक किला रोड बाजार सबसे महंगा था। व्यावसायिक क्षेत्र में 15 से 75 प्रतिशत तक की वृद्धि की गई है। ग्रामीण क्षेत्र में भी कृषि भूमि पर 75 प्रतिशत तक की वृद्धि की गई है।
शहर का डीपार्क व मॉडल टाउन इलाका व्यावसायिक रूप से खास है। नए प्रस्तावित कलेक्टर रेट भी यही दर्शा रहे हैं। यहां व्यावसायिक संपत्ति के दाम 75 प्रतिशत तक बढ़ाने का प्रस्ताव है। ऐसे में यहां व्यावसायिक संपत्ति 2,54,200 रुपये वर्ग गज हो जाएगी। अब तक यहां 1,45,200 रुपये वर्ग गज का भाव है।
डीपार्क की रिहायशी संपत्ति के दाम 25 प्रतिशत बढाने का प्रस्ताव किया गया है। इस बार व्यावसायिक रूप से अहम किला रोड, चमेली मार्केट व गीता कॉम्प्लेक्स की संपत्ति के दाम में वृद्धि नहीं की गई है। किलारोड पर व्यावसायिक संपत्ति 2,39,200 रुपये वर्ग गज है। गीता कॉम्प्लेक्स में व्यावसायिक संपत्ति 79860 रुपये वर्ग गज है।
डीपार्क व मॉडल टाउन नए बाजार के रूप में उभर कर सामने आएगा। शौरी मार्केट में किसी तरह की वृद्धि नहीं की गई है। रेलवे रोड की व्यावसायिक संपत्ति में 45 प्रतिशत वृद्धि होनी है। ऐसे में यहां की संपत्ति 1,57,300 से बढ़ कर 2,28,085 वर्ग गज हो जाएगी।
सेक्टरों में रिहायशी संपत्ति 60 प्रतिशत तक महंगी होगी। सेक्टर 14 की रिहायशी संपत्ति में 45 प्रतिशत, सेक्टर एक में 25 प्रतिशत, सेक्टर दो, तीन, चार हाउसिंग बोर्ड में 60 प्रतिशत तक की वृद्धि प्रस्तावित है। सनसिटी फेज एक व दो में 25 प्रतिशत, फ्लैट रेट वन सिटी में 30 प्रतिशत तक की वृद्धि हो सकती है।
इससे आशियाना और महंगा हो जाएगा। शहर के केवल गंज की व्यावसायिक संपत्ति 75 प्रतिशत व रिहायशी संपत्ति में 45 प्रतिशत वृद्धि का प्रस्ताव है। जगदीश कॉलोनी में यह वृद्धि 30 प्रतिशत, जनता कॉलोनी में 75 प्रतिशत रखी गई है।
कृषि भूमि में भी 75 प्रतिशत तक की वृद्धि
सरकार ने नए कलेक्टर रेट में कृषि भूमि पर 15 से 75 प्रतिशत तक की वृद्धि की है। इसमें कन्हेली, खिडवाली, गढ़ी बोहर, गद्दी खेड़ी, घिलाैड खुर्द, चमारिया, डोभ, नसीरपुर, पहरावर, बखेता, बालंद, बोहर, बहुअबरपुर, बहुजमालपुर, भगवतीपुर, भालौठ, भैयापुर, मकडौली कलां, मकडाैली खुर्द, मायना, रिटौली (रोहतक से बेरी रोड), रिठाल फौगाट, कच्चा सिंहपरा रोड, शिमली, समरगोपालपुर, श्रीराम नगर कॉलोनी-सुनारिया कलां, सुनारिया कलां, सुनारिया खुर्द, सुंदरपुर शामिल है। कलानौर में कलानौर खुर्द, गढ़ी बलंब, गरनावठी, रोहतक से बेरी रोड के साथ, बनियानी, मसूदपुर, महम में वार्ड 10 प्राइमरी स्कूल से गीता भवन मंदिर, महम, लाखनमाजरा, सांपला का इस्माईला नौ बी-राष्ट्रीय राज्य मार्ग के साथ, कारोर, खरावड़, नौनंद, बलियाना, हसनगढ़ का कृषि क्षेत्र शामिल है।
शहर के ये क्षेत्र होंगे सबसे महंगे
रोहतक शहर में पाड़ा मोहल्ला, सैनीवास, सैनीआनंदपुरा, प्रधाना मोहल्ला, आदर्श कॉलोनी दरियाव नगर, गीता कॉलानी, झंग कॉलोनी, डीपार्क, मॉडल टाउन, पंप हाउस चौक से झज्जर रेलवे, भरत कॉलोनी, माल गोदाम रोड, संत नगर, हाउसिंग बोर्ड सेक्टर एक की संपत्ति में भी 75 प्रतिशत तक की वृद्धि प्रस्तावित है।
[ad_2]
Rohtak News: पहली बार किला रोड से महंगा होगा डीपार्क बाजार



