[ad_1]
रेवाड़ी। लंबे समय से अंधेरे में डूबे शहर के सर्कुलर रोड और नारनौल रोड अंधेरे से मुक्त होंगे। अब नगर परिषद द्वारा इन मार्गों पर नई स्ट्रीट लाइटें लगाने को लेकर 9 लाख का बजट प्रस्ताव तैयार कर टेंडर प्रक्रिया शुरू कर दी गई है।
शहर में स्ट्रीट लाइटों की समस्या कोई नई नहीं है। पूर्व विधायक रणधीर सिंह कापड़ीवास के कार्यकाल में सर्कुलर रोड पर सुल्तान लाइटें लगवाई गई थीं लेकिन समय के साथ इन लाइटों में से अधिकतर खराब हो चुकी हैं या क्षतिग्रस्त होकर गिर चुकी हैं। इसी तरह नारनौल रोड पर भी कई लाइट पोल टूटे हुए हैं जिससे यह पूरा मार्ग रात के समय लगभग अंधेरे में बदल जाता है।
अंधेरा होने के कारण वाहन चालकों को रोजाना खतरा उठाना पड़ता है। पैदल चलने वाले लोग, खासकर महिलाएं और बुजुर्ग, रात के समय इन मार्गों से गुजरने से कतराते हैं। दुर्घटनाओं की संभावना भी लगातार बनी रहती है। स्थानीय लोगों ने कई बार नगर परिषद से शिकायतें कीं लेकिन लंबे समय तक कोई समाधान नहीं निकला। अब जाकर फिर से समाधान की उम्मीद जगी है।
शहर निवासी विवेक भाटोटिया ने इस समस्या को उठाते हुए नगर परिषद के अधिकारियों को बार-बार लिखित शिकायतें सौंपीं थी। उन्होंने सर्कुलर रोड और नारनौल रोड पर टूटी हुई लाइटें और खंभों को बदलने की मांग कई बार उठाई लेकिन हर बार शिकायतें केवल आश्वासन तक सीमित रहीं।
लगातार अनदेखी से परेशान होकर विवेक भाटोटिया ने मामला हरियाणा सेवा का अधिकार आयोग के समक्ष उठाया। आयोग ने मामले को गंभीरता से लेते हुए इसे द्वितीय अपीलीय अधिकारी एवं जिला नगरायुक्त के पास भेजा। इसके बाद जिला नगरायुक्त ब्रह्मप्रकाश ने विस्तृत जांच की और नगर परिषद के कार्यकारी अभियंता को तत्काल बजट प्रस्ताव तैयार करने के निर्देश दिए।
आदेश के बाद नगर परिषद ने तेजी दिखाते हुए सर्कुलर रोड पर टूटी और खराब स्ट्रीट लाइटों को बदलने के लिए बजट तैयार कर दिया है। इसके तहत सड़क के पूरे मार्ग पर नई सुल्तान लाइटें लगाई जाएंगी, जिससे यह सड़क फिर से जगमगाएगी।
[ad_2]
Rewari News: सर्कुलर एवं नारनौल रोड होंगे अंधेरे से मुक्त



