Rewari News: जिला उज्ज्वला कमेटी गठित, गरीब परिवार की महिलाओं को मिलेंगे मुफ्त एलपीजी कनेक्शन Latest Haryana News

[ad_1]

रेवाड़ी। गरीब परिवारों की महिलाओं के लिए राहत भरी खबर है। प्रधानमंत्री उज्ज्वला योजना को 3.0 के नाम से दोबारा शुरू हो गई है जिसका मुख्य उद्देश्य मुफ्त एलपीजी कनेक्शन वितरित करना है। इसके आवेदन शुरू कर दिए गए हैं। जिला उज्ज्वला कमेटी के गठन का कार्य पूरा हो चुका है।

अब इस पहल से अंत्योदय और बीपीएल परिवारों की पात्र वयस्क महिलाओं को सीधे लाभ मिलेगा क्योंकि अब वे नया मुफ्त गैस कनेक्शन प्राप्त करने के लिए आवेदन कर सकती हैं।

प्रधानमंत्री उज्ज्वला योजना 3.0 के अंतर्गत पात्र लाभार्थियों को एलपीजी कनेक्शन के साथ-साथ पहला रिफिल और चूल्हा भी निशुल्क प्रदान किया जाएगा। कनेक्शन की सुरक्षा जमा राशि और अन्य उपकरणों का खर्च सरकार की ओर से तेल विपणन कंपनियां वहन करेंगी।

यह कदम उन परिवारों के लिए एक बड़ी राहत है जो अब तक चूल्हे के धुएं में खाना बनाने को मजबूर थे। वहीं सिलेंडर का वितरण पहले आओ, पहले पाओ की नीति पर किया जाएगा। जो पहले आवेदन करेगा उसे पहले मुफ्त सिलेंडर दिया जाएगा। पिछली बार की तरह इस बार जिले को लेकर कनेक्शन जारी करने की कोई निश्चित संख्या जारी नहीं की गई है।


यह रहेगी पात्रता व आवेदन की प्रक्रिया

इस योजना का लाभ लेने के लिए महिला का बीपीएल या अंत्योदय परिवार से होना अनिवार्य है। सबसे महत्वपूर्ण शर्त यह है कि परिवार के किसी भी सदस्य के नाम पर पहले से कोई एलपीजी कनेक्शन पंजीकृत नहीं होना चाहिए। आवेदकों को अनिवार्य रूप से केवाईसी फॉर्म, वंचन घोषणा, आधार कार्ड (परिवार के सभी सदस्यों का) और बैंक खाते का विवरण जमा करना होगा। राहत की बात यह है कि पात्र महिलाएं अब अपने नजदीकी गैस वितरक के पास जाकर ऑफलाइन या संबंधित तेल कंपनी के ऑनलाइन पोर्टल के माध्यम से आवेदन कर सकती हैं।

पात्र महिलाएं ऑनलाइन या सीधे वितरक के माध्यम से कर सकती हैं सिलेंडर के लिए आवेदन : डीएफएससी

प्रधानमंत्री उज्ज्वला योजना को फिर से शुरू कर दिया गया है। जिला उज्ज्वला कमेटी के गठन का कार्य पूरा हो चुका है। अब आवेदन जमा करने की प्रक्रिया आरंभ हो चुकी है। पात्र महिलाएं अब बिना किसी देरी के ऑनलाइन या सीधे वितरक के पास जाकर आवेदन कर सकती हैं। एक बार पात्रता की जांच और भौतिक सत्यापन पूरा हो जाने के बाद मुफ्त कनेक्शन वितरित किए जाएंगे।

-अशोक रावत, डीएफएससी, खाद्य एवं आपूर्ति नियंत्रक, रेवाड़ी।

[ad_2]
Rewari News: जिला उज्ज्वला कमेटी गठित, गरीब परिवार की महिलाओं को मिलेंगे मुफ्त एलपीजी कनेक्शन