[ad_1]
रेवाड़ी। शहर में हर वर्ष मानसून सीजन में जलभराव की समस्या से निपटने के लिए प्रशासन ने इस वर्ष पहले ही जलनिकासी की व्यवस्था शुरू करा दी है। सर्कुलर रोड स्थित अग्रसेन चौक से सती कॉलोनी चौक तक ( बाईं ओर) नाले का नए सिरे से निर्माण शुरू करा दिया गया है।
इस कार्य की अनुमानित लागत 20 लाख 85 हजार रुपये है। यह क्षेत्र ढलान में होने के कारण बारिश का पानी तेजी से बहकर इसी हिस्से में एकत्रित हो जाता है। जलनिकासी की उचित व्यवस्था नहीं होने से कई बार सड़क पर घुटनों तक पानी भर जाता था।
इससे यातायात बाधित होने के साथ ही आसपास की दुकानों और मकानों में पानी घुसने से परेशानियों का सामना करना पड़ता था। सबसे व्यस्त इस मार्ग को शहर का लाइफलाइन कहा जाता है।
पहले भी यहां बने पुराने नाले की कई बार मरम्मत कराई गई थी लेकिन स्थायी समाधान नहीं निकल पाया। नाला संकरा और जर्जर हो चुका था, जिसके कारण पानी का प्रवाह बाधित होता था। थोड़ी सी तेज बारिश होने पर जलभराव हो जाता था।
लंबे समय से इस क्षेत्र में बारिश के दिनों में पानी भरने की समस्या बनी हुई है, जिससे राहगीरों, दुकानदारों और स्थानीय निवासियों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ता था।
नगर परिषद के अधिकारियों ने बताया कि पुराने नाले को हटाकर नए सिरे से मजबूत और चौड़ा नाला बनाया जा रहा है ताकि पानी का बहाव सुचारू रूप से हो सके।
अनाज मंडी मार्ग पर रेन वाटर हार्वेस्टिंग सिस्टम तैयार
शहर के अनाज मंडी मार्ग पर रेन वाटर हार्वेस्टिंग सिस्टम जापानी तकनीक से तैयार किया गया है। इसके अलावा पुराने रेन वाटर हार्वेस्टिंग सिस्टम व रिचार्जिंग वेल दुरूस्त किए जा रहे हैं। शहर के अनाज मंडी क्षेत्र में सबसे अधिक जलभराव होता है। यहां रेन वाटर हार्वेस्टिंग सिस्टम पर करीब 2.36 करोड़ रुपये की राशि खर्च की गई है।
–
स्टॉर्म वाटर प्रोजेक्ट के पहले चरण का कार्य शुरू
शहर में जलभराव की समस्या से निजात दिलाने के लिए स्टॉर्म वाटर प्रोजेक्ट के पहले चरण का कार्य शुरू हो गया है। इस परियोजना पर 26 करोड़ रुपये खर्च होंगे। इसके साथ ही दो नए मेन पंपिंग स्टेशन बनाए जाएंगे। एक पुराने पंपिंग स्टेशन को अपग्रेड किया जाएगा। पाइपलाइन बिछाने के दौरान अधिकांश स्थानों पर सड़क को खोदने की बजाय सड़क के किनारे लाइन डाली जा रही है ताकि यातायात प्रभावित न हो। इस पाइपलाइन से केवल वर्षा जल की निकासी होगी। प्रोजेक्ट पूरा होने के बाद शहर के आधे से अधिक हिस्से में जलभराव की समस्या दूर हो जाएगी। खासतौर पर ब्रास मार्केट, बावल रोड, मॉडल टाउन, बस स्टैंड के आसपास का क्षेत्र, नाईवाली चौक, नई आबादी के लोगों को राहत मिलेगी।
–
पिछले वर्ष 60 लाख हुए खर्च, कोई खास फायदा नहीं मिला
शहर के नालों की दशा खराब होने का कारण खुद नगर परिषद की उदासीनता है। हर वर्ष देखने को मिला है कि नालों की सफाई साल में एक बार ही करवाई जाती है जबकि समय-समय पर नालों की सफाई की जरूरत होती है। सफाई भी तब होती है जब मानसून अपने चरम पर होता है। उस वक्त काफी समय बीत चुका होता है और सफाई बेहतर तरीके से नहीं हो पाती है। हर वर्ष नालों की सफाई पर लाखों रुपये खर्च होते हैं। पिछले वर्ष करीब 60 लाख खर्च हुए थे। मगर जनता को उसका कोई खास फायदा नहीं होता है, जलभराव से जूझना ही पड़ता है।
–
वर्जन
सर्कुलर रोड स्थित अग्रसेन चौक से सती कॉलोनी चौक तक नए नाले का निर्माण कार्य शुरू हो चुका है। पुराने नाले को हटाकर नए सिरे से नाला बनावाया जा रहा है।-अंकित, एक्सईएन, नगर परिषद रेवाड़ी।
[ad_2]
Rewari News: अग्रसेन चौक से सती कॉलोनी तक नाले का नए सिरे से निर्माण शुरू




