[ad_1]
नारनौल। जिलेभर में सोमवार को 134 डॉक्टर हड़ताल पर रहे जिनमें शहर के नागरिक अस्पताल के 32 डॉक्टर भी शामिल हैं। स्वास्थ्य सेवाएं प्रभावित न हो इसके लिए कोरियावास मेडिकल कॉलेज से 16 डॉक्टरों की ड्यूटी नागरिक अस्पताल में लगाई गई। हालांकि कुछ डॉक्टर न होने से मरीजों को परेशानी का सामना करना पड़ा।
वहीं, कुछ मरीजों की ओपीडी पर्ची तो बन गई लेकिन डॉक्टर न होने पर नर्सिंग स्टाफ ने उन्हें पहले से चल रही दवा लेने की सलाह दी। इसके अलावा, पहली बार उपचार के लिए आए मरीजों को दो दिन बाद आने के लिए कहा गया। कुछ मरीज उसी डॉक्टर से उपचार लेना चाहते थे जिनसे पहले से उपचार चल रहा था।
वहीं स्थानीय सहित सीमावर्ती राजस्थान क्षेत्र से उपचार के लिए आए मरीजों को परेशानी का सामना करना पड़ा। मंगलवार को भी चिकित्सक हड़ताल पर रहेंगे। अब आगे हड़ताल को लेकर एसोसिएशन बैठक कर निर्णय लेगी।
हरियाणा सिविल मेडिकल सर्विसेज एसोसिएशन जिला प्रधान डॉ. विवेक ने बताया कि जिलेभर में नारनौल व महेंद्रगढ़ के नागरिक अस्पताल और अटेली व कनीना अस्पताल सहित सभी 5 सीएचसी और 20 पीएचसी में नियुक्त करीब 134 चिकित्सक हड़ताल रहे।
एसीपी की मांग पर नहीं बनी सहमति
दो दिन पहले भी सरकार के साथ हरियाणा सिविल मेडिकल सर्विसेज एसोसिएशन की तीन राउंड वार्ता हुई थी लेकिन उसमें कुछ मुद्दों पर सहमति नहीं बन सकी जिसकी वजह से दो दिन की हड़ताल की एसोसिएशन ने घोषणा की है। हालांकि इस दौरान सरकार सीनियर मेडिकल ऑफिसर (एसएमओ) की सीधी भर्ती प्रक्रिया को रोकने पर सहमति बन गई थी लेकिन एसीपी एश्योर्ड करियर प्रोग्रेशन (एसीपी) की मांग पर नहीं बन सकी।
अल्ट्रासाउंड सेवा रही सुचारू
नागरिक अस्पताल में अल्ट्रासाउंड व एक्सरे की सेवा सुचारू रूप से सुबह से चलती रही। इसकी वजह से मरीजों को ज्यादा परेशानी नहीं हुई। वहीं पोस्टमार्टम भी एक महिला का किया गया।
बॉक्स
मेरी माताजी को टीबी है। उपचार के लिए नागरिक अस्पताल आए थे लेकिन जिस डॉक्टर से इलाज कराना था वह आज हड़ताल पर थे। इस कारण अब दोबारा आना पड़ेगा और उपचार में भी देरी हो रही है। -राहुल कुमार निवासी बहरोड़
बॉक्स
मेरे पैर में दर्द है, मैं हड्डियों के डॉक्टर के पास उपचार के लिए आई थी लेकिन नियमित डॉक्टर नहीं होने से बहुत देर में नंबर आया। -संतोष निवासी गांव खेड़की
बॉक्स
जिस डॉक्टर के परामर्श से उपचार चल रहा था। वह आज हड़ताल पर थे और उनकी जगह कोई अन्य डॉक्टर थे। अब मैं हड़ताल समाप्त होने के बाद दोबारा आऊंगा। -राजेश निवासी गांव कमानिया
वर्जन :
डॉक्टरों की हड़ताल के कारण स्वास्थ्य सेवाएं प्रभावित न हो इसके लिए कोरियावास मेडिकल कॉलेज से 16 चिकित्सक बुलाए गए हैं। नागरिक अस्पताल में ओपीडी व्यवस्था सहित सभी व्यवस्था सुचारू रूप से बनी रही। -डॉ. विजय डबास, उप चिकित्सा अधीक्षक, नागरिक अस्पताल, नारनौल
[ad_2]
Mahendragarh-Narnaul News: 134 डॉक्टर हड़ताल पर, मेडिकल कॉलेज से बुलाया स्टाफ

