[ad_1]
महेंद्रगढ़। शहर की 50 हजार की आबादी को अब सीवरेज समस्या से जूझना नहीं पड़ेगा। प्रदेश सरकार ने जन स्वास्थ्य विभाग को शहर में 12 किलोमीटर नई सीवरेज पाइप लाइन बिछाने के लिए 20.51 करोड़ रुपये की स्वीकृति प्रदान की है। अब जन स्वास्थ्य विभाग अप्रैल में सभी औपचारिकताएं पूरी कर जून से काम शुरू कराएगा।
जन स्वास्थ्य विभाग की ओर से शहर के वार्डों व अस्वीकृत कॉलोनियों में सीवरेज पाइप लाइन डाली जाएगी। शहर के मुख्य बाजार, गोशाला रोड, आईटीआई रोड, रेलवे रोड, 11 हट्टा बाजार रोड, सब्जी मंडी रोड के आसपास की आबादी को सीवरेज की सुविधा मिल रही है।
शहर की एक तिहाई आबादी की कॉलोनियों में अभी भी सीवरेज पाइप लाइन नहीं है। लोगों को शौचालयों के लिए कुई खोदकर कनेक्शन करना पड़ रहा है। अब शहर में 12 किलोमीटर लंबी लाइन के माध्यम से पूरे शहर को कवर किया जा सकेगा।
विभाग की ओर से मॉडल संस्कृति स्कूल के सामने पहले से बने व डायट के पास बने दो डिस्पोजल टैंकों की क्षमता बढ़ाई जाएगी। साथ ही मॉडल संस्कृति स्कूल के सामने एक नया डिस्पोजल टैंक बनाया जाएगा।
इन सभी टैंकों को भूमिगत पाइप लाइन के सहारे गांव डुलाना रोड स्थित एसटीपी से जोड़कर गंदे पानी को शुद्ध किया जा सकेगा। इन टैंकों में आधुनिक तकनीक आधारित नए उपकरण लगाए जाएंगे जो ऑटोमेटिक मोड पर काम करेंगे।
–
जून में निर्माण कार्य शुरू होने की उम्मीद
विभाग के जिम्मेदारों की मानें तो प्रदेश सरकार से स्वीकृति मिलने के बाद अब अप्रैल माह में इसकी सभी प्रक्रिया पूरी कर मई माह में वर्कआर्डर जारी किया जाएगा। जून माह से इसके निर्माण के लिए काम शुरू किया जाएगा। इस परियोजना के लिए दिसंबर 2027 तक समय सीमा रखी गई है।
–
वर्जन
प्रदेश सरकार ने परियोजना को स्वीकृति दी है। यह परियोजना पूरी होने से शहर में सीवरेज की समस्या दूर होगी। 12 किलोमीटर की भूमिगत पाइप लाइन बिछाई जाएगी। डिस्पोजल टैंकों के माध्यम से दूषित पानी को एसटीपी में भेजकर शुद्ध किया जाएगा।-सुरेंद्र यादव, कनिष्ठ अभियंता, जन स्वास्थ्य विभाग महेंद्रगढ़।
[ad_2]
Mahendragarh-Narnaul News: शहर में सुधरेगी सीवरेज व्यवस्था, 20.51 करोड़ से 12 किमी बिछाई जाएगी पाइप लाइन




