[ad_1]
महेंद्रगढ़। जिले के गांव आकोदा स्थित राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय में 16 फरवरी को हुई चोरी की घटना पर वीरवार को ग्रामीणों का गुस्सा फूट पड़ा। नाराज ग्रामीणों ने सुबह स्कूल के गेट पर ताला लगाकर धरना दिया और प्रदर्शन कर विभाग के खिलाफ नारेबाजी की। चोरी गया सीपीयू स्कूल के अध्यापक के कब्जे से बरामद किया गया है।
ग्रामीणों ने वीरवार की सुबह साढ़े 8 बजे से साढ़े 9 बजे तक स्कूल के गेट पर प्रदर्शन किया। इस दौरान विद्यार्थी व शिक्षक गेट के बाहर खड़े रहे और ग्रामीण नारेबाजी करते रहे। ग्रामीणों का आरोप है कि स्कूल में पिछले डेढ़ साल के दौरान कई बार चोरी की घटनाएं हुई हैं, लेकिन स्कूल प्रबंधन ने हर बार मामले को दबाने का प्रयास किया। हाल ही में स्कूल से सीपीयू चोरी हुआ जिसको लेकर ग्रामीणों में रोष है। ग्रामीणों का कहना है कि इस मामले में भी शुरुआत में लापरवाही बरती गई और समय पर उच्च अधिकारियों या पुलिस को सूचना नहीं दी गई। ग्रामीणों ने आरोप लगाया कि चोरी हुआ सीपीयू एक अध्यापक के पास से बरामद हुआ है जो लंबे समय से इस स्कूल में कार्यरत है। संबंधित अध्यापक पहले भी स्कूल में इस तरह की घटनाओं में संलिप्त रहा है।
ग्रामीणों ने आरोपी शिक्षक पर शराब पीकर स्कूल आने का आरोप भी लगाया। धरने पर बैठे ग्रामीणों ने अध्यापक को सस्पेंड करने और स्कूल की कार्यवाहक इंचार्ज का तबादला करने की मांग की।
सूचना मिलने पर आकोदा चौकी प्रभारी और महेंद्रगढ़ सदर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति को संभाला। इसके अलावा खंड शिक्षा अधिकारी जगमाल सिंह ने मौके पर पहुंचकर ग्रामीणों को उचित कार्रवाई का आश्वासन देकर ताला खुलवाया।
–
वर्जन
आरोपी शिक्षक के खिलाफ सदर पुलिस थाने में मामला दर्ज किया गया है और आरोपी अध्यापक को गिरफ्तार कर मामले की पूछताछ शुरू कर दी है।- एएसआई अमित कुमार, प्रभारी, पुलिस चौकी, आकोदा।
– वर्जन:
मामले में शिक्षक की संलिप्तता के आधार पर आरोपी को सस्पेंड करने के लिए डीईओ के माध्यम से मुख्यालय पत्र भेजा गया है। जल्द ही आरोपी के खिलाफ विभागीय कार्रवाई की जाएगी। स्कूल के कार्यकारी इंचार्ज का मामले में कोई हस्तक्षेप सामने नहीं आया है। -जगमाल सिंह, खंड शिक्षा अधिकारी, महेंद्रगढ़।
[ad_2]
Mahendragarh-Narnaul News: राजकीय स्कूल से सीपीयू चोरी, ग्रामीणों ने गेट पर ताला लगाकर किया प्रदर्शन



