[ad_1]
महेंद्रगढ़। जिला महेंद्रगढ़ योगासन स्पोर्ट्स एसोसिएशन की ओर से पहली बार खंड स्तर पर योगासन खेल प्रतियोगिता का आयोजन किया जाएगा।
योगासन खेल संघ महेंद्रगढ़ की ओर से आगामी 22 अगस्त तथा 24 अगस्त को छह आयु वर्ग में चार योग की विभिन्न स्पर्धाओं का आयोजन किया जाएगा। महेंद्रगढ़ योगासन स्पोर्ट्स एसोसिएशन के जिला अध्यक्ष डॉ. निलेश मुदगल ने बताया कि इस साल योगासन खेल की जिला स्तरीय, राज्य स्तरीय व राष्ट्रीय स्तर की प्रतियोगिताएं आयोजित होनी हैं। योगासन खेल संघ महेंद्रगढ़ ने यह निर्णय लिया कि अब खंड स्तर पर भी आयोजन किया जाए ताकि स्थानीय खिलाड़ियों को प्रतिभा दिखाने का अवसर मिल सके। योगासन खेल अब एशियन खेलों में शामिल हो चुका है और अगले कुछ वर्षों में इसे ओलिंपिक खेलों में भी शामिल करने के प्रयास जारी हैं।
संघ की सचिव रीना कुमारी, तकनीकि सचिव अरुण ढिल्लों ने बताया कि 10 से 14 वर्ष , 14 से 18 वर्ष, 18 से 28 वर्ष तथा मास्टर्स प्रतियोगिता 28 से 35, 35 से 45 तथा 45 से 55 वर्ष आयु वर्ग के लड़के तथा लड़कियां की आयोजित की जाएगी। जिले के प्रत्येक खंड में आयोजन किया जाएगा। 22 अगस्त को खंड सतनाली व महेंद्रगढ़ के प्रतिभागियों को श्रीकृष्णा स्कूल महेंद्रगढ़, खंड कनीना के एसडी स्कूल ककराला व खंड अटेली के विद्यावती स्कूल में आयोजन किया जाएगा।
24 अगस्त को खंड नारनौल में हरियाणा पब्लिक स्कूल, निजामपुर एवं नांगल चौधरी खंडों में सरस्वती स्कूल नांगल चौधरी में तथा सिहमा के श्रीकृष्णा स्कूल में प्रतियोगिता का आयोजन किया जाएगा। प्रतियोगिता में भाग लेने के लिए गूगल फॉर्म के माध्यम से ऑनलाइन पंजीकरण के साथ-साथ मौके पर भी पंजीकरण किया जा सकेगा। प्रतिभागियों को आयु प्रमाण, जन्म प्रमाण पत्र व आधार कार्ड की काॅपी लानी होगी। खंड स्तर के विजेता खिलाड़ी एक सितंबर को नारनौल में आयोजित होने वाली जिला स्तरीय प्रतियोगिता में भाग ले सकेंगे। विजेता खिलाड़ियों को उनके श्रेणी अनुसार पदक तथा प्रमाण पत्र देकर सम्मानित किया जाएगा।
[ad_2]
Mahendragarh-Narnaul News: खंडस्तर पर पहली बार होंगी छह आयु वर्ग में योग की चार स्पर्धाएं, 22 व 24 अगस्त को होगा आयोजन



