LPG Crisis: ट्राईसिटी में शुरू हुई कालाबाजारी; कॉमर्शियल सिलिंडर की आपूर्ति ठप, होटलों में पार्टियां बंद Chandigarh News Updates

[ad_1]


ट्राइसिटी (चंडीगढ़-पंचकूला-मोहाली) में रसोई गैस की आपूर्ति बाधित होने से हालात बिगड़ते जा रहे हैं। घरेलू सिलिंडर के लिए लोगों को सुबह छह बजे से गैस एजेंसियों के बाहर कतार लगानी पड़ रही है, जबकि कई जगह ऑनलाइन बुकिंग भी नहीं हो पा रही। एजेंसियों पर तीन-चार घंटे इंतजार के बाद भी उपभोक्ताओं को सिलिंडर नहीं मिल रहा बल्कि उन्हें बाद की तारीख की पर्ची दी जा रही है। दूसरी ओर कॉमर्शियल सिलिंडर की आपूर्ति लगभग ठप होने से कालाबाजारी शुरू हो गई है और 1906 रुपये का सिलिंडर 3000 से 3500 रुपये तक बेचा जा रहा है।

चंडीगढ़ में 36 गैस एजेंसियों पर उपभोक्ताओं की भीड़ देखी जा रही है। रामदरबार, सेक्टर-37 और मौलीजागरां की एजेंसियों पर सुबह से ही लंबी कतारें लग गईं। कई जगह उपभोक्ता एजेंसी संचालकों से उलझते भी नजर आए। मौलीजागरां निवासी नरेंद्र सिंह ने बताया कि उन्हें सिलिंडर बुक कराने की कोशिश करते हुए 25 दिन हो चुके हैं लेकिन ऑनलाइन बुकिंग नहीं हो रही। उन्होंने केवाईसी भी करवा ली है फिर भी सिलिंडर नहीं मिला। रामदरबार में गैस लेने आई राधा ने कहा कि घर में सिलिंडर खत्म हो चुका है और खाना पकाने में परेशानी हो रही है। कमलेश को एजेंसी से 28 मार्च की तारीख की पर्ची दी गई।

पंचकूला में भी हालात अलग नहीं हैं। सेक्टर-16 की गैस एजेंसी पर लोग सुबह से ही स्टेटस जानने पहुंच गए। कई उपभोक्ताओं ने बताया कि गैस बुकिंग के बाद भी डिलीवरी नहीं मिल रही। एजेंसी कर्मचारियों का कहना है कि सिलिंडर की गाड़ियां दो-दो दिन की देरी से आ रही हैं जिससे वितरण प्रभावित हो रहा है। कई मामलों में केवाईसी अपडेट न होने के कारण भी बुकिंग अटक रही है। एजेंसी प्रबंधक राजेश कुमार के अनुसार घरेलू गैस की सप्लाई धीमी है जबकि कॉमर्शियल सिलिंडर की आपूर्ति फिलहाल बंद हो गई है।

मोहाली और खरड़ में भी गैस संकट के कारण एजेंसियों के बाहर भीड़ लगी रही। खरड़ की जैम गैस सर्विस और फेज-1 स्थित एजेंसियों पर उपभोक्ता बुकिंग और सिलिंडर की जानकारी लेने पहुंचे। कई उपभोक्ताओं ने आरोप लगाया कि कई दिनों से ऑनलाइन बुकिंग नहीं हो पा रही है। फेज-5 निवासी विजय कुमार ने बताया कि वह दो मार्च से सिलिंडर बुक कराने की कोशिश कर रहे हैं लेकिन सफलता नहीं मिली। वहीं फेज-3बी1 की निवासी रूचि ठाकुर ने कहा कि लगातार ऑनलाइन प्रयास करने के बावजूद कोई प्रतिक्रिया नहीं मिल रही।

जीरकपुर में भी संभावित गैस संकट की आशंका से लोग घबराहट में बुकिंग कराने पहुंच गए। नगला रोड स्थित गैस एजेंसी के बाहर सुबह आठ बजे से ही कतार लगनी शुरू हो गई। एजेंसी कर्मचारियों के अनुसार अचानक बड़ी संख्या में बुकिंग होने से सभी स्लॉट भर गए। एजेंसी प्रबंधक स्वर्णजीत सिंह का कहना है कि लोगों में सप्लाई बाधित होने का डर फैल गया है, इसलिए अचानक भीड़ बढ़ गई।




Trending Videos

LPG Crisis Black marketing in Tricity commercial cylinder supplies halted parties in hotels suspended

तस्वीर रामदरबार की है।
– फोटो : संवाद


सबसे ज्यादा होटल और रेस्टोरेंट कारोबार पर पड़ा असर

कॉमर्शियल गैस की किल्लत का सबसे ज्यादा असर होटल और रेस्टोरेंट कारोबार पर पड़ा है। कई होटलों में अब पार्टियां बंद कर दी गई हैं और केवल कमरे उपलब्ध कराए जा रहे हैं। होटल कारोबारियों का कहना है कि सिलिंडर की सप्लाई बाधित होने से रसोई चलाना मुश्किल हो गया है। होटल एंड रेस्टोरेंट एसोसिएशन के अध्यक्ष अरविंदर पाल सिंह के अनुसार शहर में छोटे-बड़े मिलाकर करीब दो सौ होटल हैं और अधिकांश को गैस आपूर्ति में समस्या आ रही है, जिससे कारोबार बुरी तरह प्रभावित हो रहा है।

पीयू की मेस का मेन्यू बदलने का सुझाव

गैस संकट का असर धार्मिक और शैक्षणिक संस्थानों पर भी दिखाई देने लगा है। कई गुरुद्वारों में लंगर के लिए गैस की जगह लकड़ी के इस्तेमाल की तैयारी की जा रही है। वहीं शैक्षणिक संस्थानों की हॉस्टल मेस में भी गैस बचाने के लिए मेन्यू में बदलाव की योजना बनाई जा रही है। पंजाब विश्वविद्यालय में छात्र कल्याण विभाग की बैठक में मेस का ऐसा मेन्यू तैयार करने का सुझाव दिया गया है जिससे गैस की खपत कम हो। हालांकि विश्वविद्यालय प्रशासन का कहना है कि फिलहाल पर्याप्त स्टॉक मौजूद है। पंजाब इंजीनियरिंग कॉलेज में भी मेस में अधिक गैस खपत वाले व्यंजन सीमित करने का निर्णय लिया गया है।


LPG Crisis Black marketing in Tricity commercial cylinder supplies halted parties in hotels suspended

सेक्टर 25 स्थित एचपी गैस एजेंसी में घरेलू गैस सिलेंडर लेने पहुंचे लोग
– फोटो : करुण शर्मा।


इंडक्शन चूल्हे की मांग बढ़ी

गैस की किल्लत के डर से बाजार में वैकल्पिक उपकरणों की मांग भी बढ़ गई है। सेक्टर-22 के इलेक्ट्रॉनिक बाजार में इंडक्शन चूल्हे, इलेक्ट्रिक केतली और डीजल भट्ठियों की बिक्री अचानक बढ़ गई है। दुकानदारों के अनुसार स्थानीय इंडक्शन चूल्हे 1800 से 1900 रुपये और ब्रांडेड मॉडल 3000 से 4000 रुपये तक बिक रहे हैं।


LPG Crisis Black marketing in Tricity commercial cylinder supplies halted parties in hotels suspended

सेक्टर 25 स्थित एचपी गैस एजेंसी में साइकिल पर सिलिंडर लेकर पहुंचा व्यक्ति।
– फोटो : अमर उजाला


गैस एजेंसियों पर पुलिस के जवान तैनात

प्रशासन और पुलिस स्थिति पर नजर बनाए हुए हैं। चंडीगढ़ में गैस एजेंसियों पर भीड़ को देखते हुए पुलिस के जवान तैनात किए गए हैं और पीसीआर गाड़ियां लगातार गश्त कर रही हैं, ताकि किसी प्रकार की अव्यवस्था न हो। एजेंसी संचालकों का कहना है कि जैसे ही नियमित सप्लाई बहाल होगी, स्थिति सामान्य हो जाएगी। फिलहाल ट्राइसिटी के हजारों परिवार घरेलू गैस की अनिश्चित आपूर्ति के बीच रोजमर्रा की रसोई चलाने की चुनौती से जूझ रहे हैं।


LPG Crisis Black marketing in Tricity commercial cylinder supplies halted parties in hotels suspended

तस्वीर सेक्टर-25 की है।
– फोटो : अमर उजाला


विदेश टूर पैकेज भी महंगे

ईरान और इस्राइल युद्ध का असर विदेश यात्रा पर भी पड़ा है। वियतनाम समेत कई देशों के टूर पैकेज दो दिनों में करीब 60 प्रतिशत तक महंगे हो गए हैं। जो पैकेज पहले 60 हजार रुपये का था, वह अब करीब एक लाख रुपये तक पहुंच गया है। ट्रैवल कारोबारियों का कहना है कि अगर खाड़ी क्षेत्र में तनाव लंबा चला तो विदेश यात्रा और महंगी हो सकती है, जबकि देश के पहाड़ी पर्यटन स्थलों को इसका फायदा मिल सकता है।


[ad_2]
LPG Crisis: ट्राईसिटी में शुरू हुई कालाबाजारी; कॉमर्शियल सिलिंडर की आपूर्ति ठप, होटलों में पार्टियां बंद