[ad_1]
कुरुक्षेत्र। साइबर ठगों ने एक सेवानिवृत सैनिक को स्टॉक मार्किट में निवेश का लालच देकर उससे 40.52 लाख रुपये की ठगी कर ली। ठगों ने फेसबुक पर केंद्रीय वित्त मंत्री के नाम से फर्जी विज्ञापन दिखाकर पीड़ित को फंसाया और मोटा मुनाफा देने का झांसा दिया। पुलिस ने प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
बगथला गांव के रहने वाले पीड़ित शकीन सिह ने थाना केयूके में शिकायत दर्ज करवाते हुए बताया कि 17 जनवरी को उन्हें फेसबुक पर ग्लोबल टेक न्यूज आईडी से एक पोस्ट दिखी। इसमें वित्त मंत्री का वीडियो था, जिसमें नीचे दिए लिंक पर रजिस्टर कर पैसे कमाने की बात कही गई थी। रजिस्ट्रेशन पर हर हफ्ते 50-60 हजार रुपये मुनाफे का वादा किया गया था।
ठगों के झांसे में आकर उन्होंने लिंक पर क्लिक कर रजिस्ट्रेशन किया तो उनके पास कुछ ही समय में एक विदेशी नंबर से कॉल आई। कॉल करने वाले ने खुद को अकाउंट मैनेजर बताते हुए उनको वरिष्ठ नागरिक होने पर छूट देने का लालच दिया और प्रोएक्सट्रेंड डॉट कॉम वेबसाइट पर अकाउंट खुलवाया। पहले 19 हजार रुपये जमा करवाए गए।
दो दिन बाद मुनाफा दिखाकर ज्यादा राशि निवेश करने के लिए उकसाया गया। पीड़ित ने ठग की बातों में आकर अलग-अलग किस्तों में कुल 40.52 लाख रुपये ट्रांसफर कर दिए। रुपये जमा होने के बाद ठगों ने फोन उठाना बंद कर दिया। ऐप से पैसे निकालने की कोशिश की, लेकिन कुछ नहीं निकला।
साइबर क्राइम थाना के प्रभारी महेश कुमार ने लोगों से अपील की है कि सोशल मीडिया पर निवेश संबंधी लुभावने विज्ञापनों से सावधान रहें और किसी अज्ञात लिंक पर क्लिक न करें। संवाद
[ad_2]
Kurukshetra News: सेवानिवृत सैनिक से स्टॉक मार्किट में निवेश के नाम पर 40.52 लाख की धोखाधड़ी



