कुरुक्षेत्र। जिले में अब तक समाधान शिविर में 7400 शिकायतें प्राप्त हुईं। इनमें से 5030 शिकायतों का समाधान किया गया है। 1921 शिकायतों को दस्तावेज पूरे न होने पर नामंजूर कर दिया गया। उपायुक्त विश्राम कुमार मीणा ने शुक्रवार को लघु सचिवालय के सभागार में समाधान शिविर, सीएम विंडो, एसएमजीटी, सीपीजीआरएएमएस और जनसंवाद की समीक्षा की।
इससे पहले उत्पाद शुल्क व कराधान विभाग की आयुक्त एवं सचिव आशिमा बराड़ ने चंडीगढ़ से वीसी के माध्यम से प्रदेशभर के उपायुक्तों को कहा कि समाधान शिविर सीएम विंडो से संबंधित जो भी फ्लैगशिप प्रोग्राम चल रहे हैं, उनसे संबंधित कोई समस्याएं लंबित नहीं रहनी चाहिए। समय पर एटीआर पोर्टल पर अपलोड होनी चाहिए। वीसी के बाद उपायुक्त विश्राम कुमार मीणा ने बताया कि सीएम विंडो से संबंधित अब तक 11953 शिकायतें प्राप्त हुई हैं। इनमें से 11743 शिकायतों का समाधान कर दिया गया है।
115 शिकायतें ओवरड्यू हैं और 149 शिकायतें इन एक्शन हैं। उन्होंने बताया कि जन संवाद में 475 शिकायतें प्राप्त हुई हैं जिनमें 136 इन एक्शन हैं और 93 शिकायतें ओवरड्यू हैं। उन्होंने बताया कि सोशल मीडिया ग्रीवेंस में 50 शिकायतें हैं। इससे संबंधित उन्होंने अधिकारियों को कहा कि जल्द से जल्द सोशल मीडिया ग्रीवेंस से संबंधित समस्याओं का समाधान करें और उसकी एटीआर भी पोर्टल पर अपलोड करें। उन्होंने कहा कि सीपीजीआरएएमएस से संबंधित 16 शिकायतें लंबित हैं जिसका समाधान भी समय रहते करें।