[ad_1]
कुरुक्षेत्र। शातिर ठगों ने एक युवक को कनाडा का वीजा व वहां पीआर दिलवाने का झांसा देकर 31.90 लाख रुपये की ठगी कर ली । आरोपियों ने युवक के मेडिकल टेस्ट और बायोमेट्रिक औपचारिकताएं करवाई, लेकिन वीजा नहीं लगवाया।
परिवार ने बार-बार वीजा के बारे में पूछते तो आरोपी टालमटोल करने लगते। इसके बाद आरोपियों ने फर्जी दस्तावेज, नकली पोर्टल के स्क्रीन शॉट और अन्य बहाने बनाकर शिकायतकर्ता को गुमराह करते रहे।
राज पैलेस कॉलोनी निवासी कृष्ण कुमार ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि उनका बेटा रुपेंद्र बेहतर भविष्य के लिए कनाडा जाना चाहता था। वर्ष 2022 में उनकी मुलाकात एक आरोपी से हुई, जिसने कनाडा का वीजा और पीआर दिलाने का पूरा भरोसा दिया। इसके बाद दोनों पक्षों में सौदा कुल 33 लाख रुपये में सौदा तय हुआ। इसके बाद आरोपी के निर्देश पर शिकायतकर्ता ने अलग-अलग तारीखों में बैंक खाते में 16 लाख 90 हजार रुपये ट्रांसफर किए, जबकि 15 लाख रुपये नकद भी सौंपे।
आरोपी ने उन्हें पटियाला स्थित एक इमिग्रेशन फर्म के संचालकों से मिलवाया, जिन्होंने वीजा प्रक्रिया तेजी से पूरी करने का वादा किया।काम न होने पर परिजनों ने दस्तावेज वापस मांगे तो आरोपियों ने लौटाने से मना कर दिया।
मामले की शिकायत मिलने पर आर्थिक अपराध शाखा ने जांच शुरू की, जिसमें बैंक स्टेटमेंट, लिखित एग्रीमेंट, ऑडियो रिकॉर्डिंग और वाट्सएप चैट जैसे साक्ष्यों से धोखाधड़ी की पुष्टि हुई। इसके आधार पर थाना कृष्णा गेट पुलिस ने चार आरोपितों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। संवाद
[ad_2]
Kurukshetra News: कनाडा का वीजा दिलाने का झांसा दे 31.90 लाख ठगे



