Kurukshetra News: एजेंट से तंग महिला ने जहर खाकर दे दी जान Latest Haryana News

[ad_1]

पिहोवा। चंडीगढ़ के एक वीजा एजेंट से लगातार ठगी और जान से मारने की धमकियों से तंग आकर अधोया गांव की 44 वर्षीय महिला मलकीत कौर ने जहरीला पदार्थ निगल लिया। उपचार के दौरान मंगलवार देर रात उनकी मौत हो गई। परिजनों ने आरोप लगाया कि एजेंट ने उनके 21 वर्षीय बेटे को ऑस्ट्रेलिया भेजने के नाम पर 20 लाख रुपये हड़प लिए लेकिन न तो वीजा लगवाया और न ही रुपये व दस्तावेज लौटाए।

मलकीत कौर के पति बलविंद्र सिंह ने बताया कि उनकी बड़ी बेटी शगुनप्रीत कौर पहले से कनाडा में रह रही हैं। बेटी के विदेश जाने के बाद वे अपने बेटे जश्नप्रीत सिंह को भी विदेश भेजना चाहते थे। करीब चार महीने पहले बेटी शगुनप्रीत ने ही उन्हें चंडीगढ़ के न्यू बॉस इंटरनेशनल वीजा सेंटर भेजा, जहां उनकी मुलाकात एजेंट काजोल, इशिता और अमन से हुई।

एजेंटों ने बेटे को ऑस्ट्रेलिया भेजने के लिए 25 लाख रुपये मांगे। परिवार ने 20 लाख रुपये पहले ही जमा कर दिए जिसमें दो लाख रुपये ऑनलाइन ट्रांसफर और 18 लाख रुपये नकद दिए गए। एजेंटों ने एक महीने में वीजा लगवाने का आश्वासन दिया लेकिन रुपये लेने के बाद उनका रवैया बदल गया। वे दो माह बाद भी झांसा देते रहे और कोई भी काम नहीं करवाया।

मलकीत कौर ने एजेंट से रुपये, पासपोर्ट और दस्तावेज लौटाने की मांग की तो एजेंटों ने इन्कार कर दिया और परिवार को जान से मारने की धमकी देने लगे। 21 मार्च को हुई बातचीत में भी धमकियां मिलीं। इससे पूरी तरह टूट चुकी मलकीत कौर ने 22 मार्च को जहरीला पदार्थ निगल लिया। परिवार ने तुरंत उसे पिहोवा के निजी अस्पताल में भर्ती कराया, जहां से चिकित्सकों ने रेफर कर दिया, जहां से परिजनों ने उसे कुरुक्षेत्र के निजी अस्पताल में दाखिल करवाया। वहां उपचार के दौरान बुधवार को उनकी मौत हो गई।

पिहोवा थाना प्रभारी सतीश कुमार ने बताया कि परिजनों की शिकायत पर एजेंट काजोल, इशिता और अमन के खिलाफ धोखाधड़ी, धमकी और अन्य धाराओं के तहत प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है। पुलिस मामले की गहन जांच कर रही है।

पिहोवा। मृतक मलकीत कौर। फाइल फोटो– फोटो : leh news

[ad_2]
Kurukshetra News: एजेंट से तंग महिला ने जहर खाकर दे दी जान