लाडवा। कैंटीन में खाना बनाने की प्रक्रिया बाधित होने से मंडी में आने वाल श्रमिकों और किसानों को पिछले कुछ दिनों से परेशानी हो रही थी। कुछ अन्य समस्याएं भी रहीं जिनको देखते हुए मार्केट कमेटी के अध्यक्ष डॉ. गणेश दत्त ने अनाज मंडी का दौरा किया। उन्होंने सभी गेट पर चेकिंग की। गेट नंबर-तीन को रात के समय अज्ञात वाहन की ओर से टक्कर मार दी गई थी जिसके कारण गेट क्षतिग्रस्त हो गया।
डॉ. गणेश दत्त ने मौके पर जाकर गेट का मुआयना किया और संबंधित अधिकारियों को तुरंत ठीक कराने के आदेश दिए। साथ ही मंडी के सभी गेटों की व्यवस्था सुनिश्चित करने को भी कहा। उन्होंने अनाज मंडी स्थित अटल किसान श्रमिक कैंटीन का दौरा कर महिलाओं से बातचीत की। कैंटीन कर्मी मुकेश लता ने बताया कि पिछले छह दिनों से कैंटीन बंद रही लेकिन अब समस्या का समाधान हो गया। अन्य दिनों की तरह कैंटीन में खाना बनाया जा रहा है। कैंटीन में प्रतिदिन 250 से 300 मजदूर, श्रमिक, किसान और गरीब परिवार खाना खाते हैं। यहां प्रतिदिन एक सिलिंडर की आवश्यकता होती है। डॉ. गणेश दत्त ने आश्वासन दिया कि भविष्य में योजना को जारी रखने के लिए कोई समस्या नहीं आने दी जाएगी। इस अवसर पर प्रधान राजीव आर्य, राजीव कपूर, बृजभूषण कंसल, अंकित सिंगल, विनोद शर्मा और नरेश सैनी सहित अन्य कर्मचारी मौजूद रहे।