[ad_1]
करनाल। मौसम ने एक बार फिर करवट बदली है। सोमवार को सुबह से ही धूप खिलने से लोगों को सर्दी से काफी हद तक राहत मिली। सुबह और रात के समय ठंड का असर बना रहा। हल्का कोहरा भी छाया लेकिन दिन चढ़ने के साथ ही तेज धूप निकल आई, जिससे मौसम सुहावना हो गया। लोगों ने छतों, पार्कों और खुले स्थानों पर बैठकर धूप का आनंद लिया। सोमवार को न्यूनतम तापमान 7 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया जबकि अधिकतम तापमान 23 डिग्री सेल्सियस पहुंच गया।
मौसम विभाग के अनुसार मंगलवार और बुधवार को भी अधिकतम तापमान 22 से 23 डिग्री के बीच रहने की संभावना है जबकि न्यूनतम तापमान 7 से 9 डिग्री के आसपास रहेगा। सुबह और शाम ठंड का असर बना रहेगा। दिन में धूप निकलने से राहत मिलती रहेगी। मौसम वैज्ञानिकों के मुताबिक प्रदेश में आगामी एक सप्ताह के दौरान तीन नए पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय होने जा रहे हैं, जिसका असर करनाल सहित आसपास के क्षेत्रों में भी देखने को मिलेगा। बुधवार से शनिवार तक न्यूनतम तापमान 10 डिग्री और अधिकतम तापमान 19 से 23 डिग्री के बीच रहने के आसार हैं। बुधवार को सुबह और शाम बिजली गरजने और हल्की बारिश की संभावना जताई जा रही है।
वीरवार से शनिवार तक बारिश पड़ने के प्रबल आसार हैं। इससे एक बार फिर ठंड बढ़ सकती है। मौसम में नमी का असर दिखाई देगा। मौसम में बार-बार हो रहे बदलाव को देखते हुए किसानों को फसलों की सुरक्षा के बारे में सतर्क रहने की सलाह दी गई है। मौसम वैज्ञानिक डॉ. मदन खीचड़ का कहना है कि आने वाले सप्ताह में एक साथ तीन विक्षोभ सक्रिय हो रहे हैं। इनसे प्रदेश के मौसम में बदलाव होगा। कई जगह बारिश हो सकती है।
[ad_2]
Karnal News: सुबह से खिली धूप, सर्दी से मिली राहत


