Karnal News: शादियों के सीजन में नोटों की कालाबाजारी, 1500 में मिल रही 10 की गड्डी Latest Haryana News

[ad_1]

करनाल।

शादी के सीजन में बाजार और बैंकों से छोटे नए नोटों की गड्डियां गायब हो गई हैं। दुकानदार व बैंकों से जुड़े एजेंट इनकी कालाबाजारी कर रहे हैं। 10 रुपये के नोट की गड्डी के 1300 से 1500 रुपये तक वसूले जा रहे हैं। 20 रुपये की 2000 रुपये की गड्डी 2500 रुपये तक में मिल रही है।

शादी के सीजन में नेग देने व जश्न के माहौल में नोट लुटाने के लिए लोग छोटे नोटों को प्राथमिकता देते हैं। शादी में 10, 20 या 50 रुपये के नोटों की खासी मांग रहती है। सामान्य व्यक्ति के लिए इनको पाना टेढ़ी खीर है। बैंकों से जुड़े एजेंट व नोटों के हार बनाने वाले दुकानदार 10 के 100 नोटों की गड्डी 1500 रुपये तक में दे रहे हैं। शहर की अलग-अलग बैंकों की शाखाओं में जब 10, 20 और 50 के नए नोटों की गड्डियों की मांग की गई तो बैंककर्मियों ने देने से इन्कार कर दिया।

दूल्हे के गले में डालने के लिए नोटों की माला के दाम भी बढ़े हुए हैं। सराफा बाजार, गुड़ मंडी, कुंजपुरा रोड मार्केट, राम नगर मार्केट व कर्ण गेट मार्केट में अलग-अलग दाम हैं। एलडीएम कार्यालय के अनुसार सभी बैंकों की अपनी-अपनी करेंसी चेस्ट हैं। अभी 10 व 20 रुपये के छोटे नए नोटों की कमी है। 50, 100 और 200 रुपये के नए नोटों का स्टॉक दिवाली से पहले आया था, करीब एक माह से दोबारा कोई स्टॉक नहीं आया है। छोटे नोट तब भी कम ही मात्रा में आए थे।

जेल और जुर्माने का प्रावधान

भारत में किसी भी व्यक्ति को भारतीय मुद्रा को विक्रय करने का कोई अधिकार नहीं है। एडवोकेट संदीप राणा का कहना है कि कोई भी व्यक्ति जो बैंकिंग कार्य का लाइसेंस नहीं रखता है और बैकिंग कार्य करता है, जिसमें रुपये का लेन-देन भी सम्मिलित है, उसका यह कृत्य आरबीआई एक्ट के तहत दंडनीय अपराध है। ऐसे अपराध के लिए तीन वर्ष तक का कारावास और जुर्माने से दंडित करने का प्रावधान है। रुपये को उसके मूल्य से अधिक पर बेचना आरबीआई की अवहेलना है।

शिकायत मिली तो होगी कार्रवाई

आरबीआई का सख्त निर्देश है कि कोई भी मुद्रा उसके तय मूल्य से ज्यादा पर खरीदी-बेची नहीं जा सकती। दिवाली के नजदीक आरबीआई से नए नोटों का स्टाॅक आया था, जिसका संबंधित बैंक शाखाओं में वितरण करा दिया गया था। नोटों की गड्डी को उसके मूल्य से अधिक बेचना गलत है। अगर इसको लेकर कोई शिकायत आती है तो निश्चित तौर पर कार्रवाई की जाएगी। – सुशील कुमार हिंदुजा, जिला अग्रणी बैंक प्रबंधक

[ad_2]
Karnal News: शादियों के सीजन में नोटों की कालाबाजारी, 1500 में मिल रही 10 की गड्डी