Karnal News: युद्ध का असर… मोबाइल 25 प्रतिशत तक पेनड्राइव व मैमोरी कार्ड 20 फीसदी महंगे Latest Haryana News

[ad_1]

करनाल। पश्चिम एशिया के युद्ध का असर प्रदेश एवं जिले की मोबाइल मार्केट में भी देखने को मिल रहा है। चिप सेट और मोबाइल के पार्ट्स का आयात न होने के कारण नए सेट नहीं आ रहे हैं, इससे कंपनियों ने मोबाइलों के रेट 15 से 25 प्रतिशत तक बढ़ा दिए हैं। चिप सेट, मैमोरी कार्ड और पैनड्राइव का भी नया स्टॉक नहीं आ रहा है, इनके दामों में भी 20 प्रतिशत तक वृद्धि हुई है। कुछ चीजें तो बाजार से गायब ही हो गई हैं, दुकानदारों को इनका नया स्टॉक ही नहीं मिल रहा है।

हालात यह हैं कि जो मोबाइल फोन दिवाली के समय 15,000 रुपये का था, वह अब 19,000 रुपये में मिल रहा है। कंपनियों ने स्टाक भी सीमित कर दिया है। इसके अलावा पेन ड्राइव और मेमोरी कार्ड बाजार से गायब हो गए हैं। 400 रुपये वाली पेन ड्राइव 650 रुपये में भी नहीं मिल रही है। दुकानदारों का कहना है कि यदि आपूर्ति नहीं हुई तो आगे और भी दाम बढ़ने की संभावना है।

चिपसेट चीन और ताइवान से आता है। मोबाइल का चिपसेट बोर्ड फोन के चालू होने से लेकर बंद होने तक सभी कार्यों को नियंत्रित करता है। इसके बिना कोई भी स्मार्टफोन काम नहीं कर सकता। यह डिवाइस की प्रोसेसिंग, मेमोरी प्रबंधन और कनेक्टिविटी को संभालता है। करनाल जिले में मोबाइल शोरूमों की संख्या 600 से ज्यादा है, जहां रोजाना छह से आठ हजार मोबाइल फोन और अन्य उपकरणों की बिक्री होती है।

50 हजार रुपये से महंगे मोबाइल पर छूट ऑफर खत्म

मुगल कैनाल मार्केट के दुकानदारों ने बताया कि 20 हजार से कम मूल्य के मोबाइल की कीमतों में 25 प्रतिशत और 20 हजार से ज्यादा कीमत के मोबाइल की कीमतों में 15 प्रतिशत की तेजी आ गई है।

– 4जी फोन की शुरुआती कीमत जो दिवाली में छह-सात हजार रुपये थी, अब 10500 रुपये हो गई है।

– 5जी फोन की शुरुआती कीमत अब 13500 रुपये हो गई है जो पहले नौ हजार रुपये थी।

– 50 हजार रुपये से अधिक मूल्यों के मोबाइल फोन पर अब कोई ऑफर नहीं है, इस पर अभी तक 10 प्रतिशत तक छूट व मोबाइल असेसरीज मिलती थी।

ऑनलाइन और ऑफलाइन रेट में अंतर

मोबाइल शोरूम के संचालक दर्शन ने बताया कि अब मोबाइल फोन कम आने लगे हैं और कंपनियों ने रेट भी बढ़ाए हैं। ग्राहक शोरूम पर आकर ऑनलाइन रेट भी चेक करते हैं, ऑनलाइन मोबाइल सस्ता दिखाई देता है लेकिन उपलब्ध नहीं होता, जबकि मार्केट का रेट महंगा है।

हर बार बढ़े हुए नए रेट पर आ रहा सामान

दुकानदार सुमित का कहना है कि पैनड्राइव, चिपसेट और बोर्ड पीछे से कुछ दिन तक नहीं आए। अब जब नया स्टॉक आया है तो उसका रेट भी ज्यादा है। कंपनी प्रतिनिधि ऑर्डर पर भी पूरी आपूर्ति नहीं दे रहे हैं। पिछले कई दिनों से ऐसा हो रहा है कि हर बार नए और पहले से महंगे रेट पर ही सामान आ रहा है।

[ad_2]
Karnal News: युद्ध का असर… मोबाइल 25 प्रतिशत तक पेनड्राइव व मैमोरी कार्ड 20 फीसदी महंगे