Karnal News: मूनक सरपंच के खिलाफ 12 पंचों में अविश्वास, पद से हटाने की मांग Latest Haryana News

[ad_1]

करनाल। ग्राम पंचायत मूनक की सरपंच फूल कुमारी के खिलाफ 20 में से 12 पंचों ने अविश्वास प्रस्ताव उपायुक्त उत्तम सिंह को सौंपते हुए कार्रवाई की मांग की है। पंचों ने आरोप लगाया है कि सरपंच ने विकास कार्यों में गड़बड़ी की है। सरपंच के बजाय उनके पति ओमप्रकाश बैठकों में उपस्थित रहते हैं और सारा कामकाज देखते हैं। बिना वजह के महिला पंचों को कार्यालय में बुलाकर पूरा दिन बैठाकर खते हैं। निर्धारित आवश्यक बैठकों और प्रक्रियाओं का पालन भी नहीं हो रहा।

सरपंच फूल कुमारी ने आरोपों को निराधार बताया है, उनका कहना है कि गांव में अब तक नौ करोड़ रुपये के 64 विकास कार्य कराए हैं। 11 करोड़ रुपये में गड़बड़ी का आरोप इसलिए भी गलत है, क्योंकि इतनी राशि पंचायत के बैंक खाते में भी नहीं आई।

वहीं शिकायत में आरोप लगाया गया है कि गांव की सरपंच फूल कुमारी हैं लेकिन पंचायत का कोई भी काम वह स्वयं नहीं करतीं। सभी काम उनके पति ओमप्रकाश करते हैं। पंचायत कार्यालय से लेकर बैठकों तक, हर जगह उनकी सक्रियता रहती है, जबकि सरपंच कभी गांव या कार्यालय में दिखाई देती हैं।

पंच बोले, प्रस्ताव में आपत्ति करने पर मिलती है धमकी

अविश्वास प्रस्ताव पर हस्ताक्षर करने वाले पंच सपना, कमला, सुशील कुमार, नीतू, मोहित, पूजा रानी, महेंद्र सिंह, राजकुमार, रेखा देवी, मनदीप सिंह, रीना रानी और कुलदीप ने बताया कि जब प्रस्ताव तैयार होते हैं और साइन करने का समय आता है। इस दौरान यदि कोई पंच आपत्ति कर दे तो सरपंच या उनका पति उन्हें सस्पेंड कराने की धमकी देते हैं। सभी पंचों पर अनुचित दबाव बनाया जाता है।

मूनक बीडीपीओ को दी शिकायत पर नहीं हुई कार्रवाई

इससे पहले पंचों ने 31 अक्तूबर 2025 को बीडीपीओ मूनक को भी लिखित रूप में अविश्वास प्रस्ताव दिया था लेकिन कोई कार्रवाई नहीं हुई। इस वजह से अब उन्होंने जिला स्तर पर मामला उठाया है और सरपंच को तत्काल पद से हटाने की मांग की है। पंचों का कहना है कि गांव के लोग भी लगातार शिकायत कर रहे हैं कि कई काम अधूरे पड़े हैं और फाइलों में ही पूरे दिखाए जा रहे हैं।

दो तो पंच भी नहीं : सरपंच

सभी आरोप निराधार हैं। हर बैठक में मैं स्वयं उपस्थित होती हूं। उपायुक्त को ज्ञापन देने जितनी भी महिला पंच गई थीं, उनमें पंच नीतू और सपना नहीं थीं, उनकी जगह कोई अन्य महिलाएं गई थीं। हमने रिकाॅर्ड के अनुसार सभी की सहमति से नौ करोड़ रुपये से 64 विकास कार्य गांव में करवाए हैं। – फूल कुमारी, सरपंच मूनक

[ad_2]
Karnal News: मूनक सरपंच के खिलाफ 12 पंचों में अविश्वास, पद से हटाने की मांग