[ad_1]
करनाल। शहर के पुराने बस स्टैंड के पास स्कूटर मार्केट में स्कूल में काम करने वाली शोभना शर्मा को बातों में लगाकर दो ठग सोने की चेन और दो अंगूठी लेकर भाग गए। आरोपियों ने खुद को जरूरतमंद बताते हुए पानीपत जाने के लिए किराए के 45 रुपये की मांग की थी। महिला का कहना है कि उसे पता नहीं चला कि कब उसके गहने ले लिए गए। आरोपियों ने महिला को दो डिब्बे दिए थे। इनमें एक पांच सौ रुपये का नोट और बाकी कागज की गड्डी थीं।
आरोपियों ने महिला को ई-रिक्शा में बैठा दिया। काफी देर बाद महिला को ठगी का अहसास हुआ। सूचना पर थाना शहर पुलिस ने धोखाधड़ी और चोरी की धाराओं में प्राथमिकी दर्ज की है। कोट मोहल्ला निवासी शोभना ने शिकायत में कहा है कि सोमवार शाम के समय वह बसंत विहार में स्कूल ड्यूटी कर घर आ रही थीं। पुरानी सब्जी मंडी में दो युवक मिले। एक ने उन्हें बताया कि मालिक ने पीटकर निकाल दिया है। इसलिए उसे पानीपत अपने घर पहुंचने के लिए किराए के लिए 45 रुपये की जरूरत है।
बातचीत करते हुए आरोपी उसे कर्ण पार्क की तरफ ले आए। यहां से उसे बस स्टैंड के पीछे स्कूटर मार्केट में ले आए। आरोपियों ने उसके गले से सोने की चेन और हाथ से सोने की दो अंगूठी निकलवा ली। महिला को दो डिब्बे दे दिए, इनमें एक पांच सौ का नोट और कागज थे। इसके बाद दोनों ने उसे ई-रिक्शा में बैठा दिया। उसे एसडी स्कूल के पास जाकर अहसास हुआ कि उसके साथ ठगी हुई है।
शहर थाना प्रभारी प्रवीन कुमार ने बताया कि ठगों की तलाश की जा रही है। आसपास के सीसीटीवी कैमरों की जांच की जा रही है। महिला ने बताया कि एक आरोपी की उम्र 15 से 16 साल थी और दूसरे आरोपी की उम्र 25 से 26 साल है।
[ad_2]
Karnal News: महिला से सोने की चेन और दो अंगूठी लेकर भाग गए दो ठग




