[ad_1]
पानीपत। भाजपा पार्षद रजनी गर्ग के पति सुरेंद्र गर्ग पर हमले का मामला गर्मा गया है। मामले में निगम पार्षद लामबंद हो गए हैं। पार्षदों ने मेयर कोमल सैनी और पानीपत शहरी विधायक प्रमोद विज के साथ अलग-अलग बैठक की। इसके बाद एसपी से मिलकर ठोस कार्रवाई की मांग की। पार्षदों ने इसके लिए जरूरत पड़ने पर मुख्यमंत्री से भी मिलने का फैसला लिया।
पार्षद पति सुरेंद्र का शनिवार को दिल्ली के एक अस्पताल में ऑपरेशन किया गया। इधर, आरोपी सफाई सुपरवाइजर मोहित ने सामने आकर सुरेंद्र गर्ग पर 20 हजार की मंथली लेने और सेक्टर-25 स्थित उनके लेबर क्वार्टर में एजेंसी के कर्मियों से सफाई कराने के आरोप लगाए हैं। आरोप है कि वे एक महीने की मंथली नहीं दे पाए थे। वहीं, मेयर और पार्षदों ने मंथली के आरोप निराधार बताए हैं। सेक्टर-29 थाना पुलिस ने इस मामले में मोहित और उनके परिवार के सात लोगों को नामजद कर 10-12 के खिलाफ सात धाराओं में प्राथमिकी दर्ज कर ली है।
नगर निगम के पार्षदों ने मेयर कोमल सैनी के वार्ड-11 स्थित निजी कार्यालय में शनिवार को करीब दो घंटे बैठक की। पार्षदों ने इस घटना की निंदा की। उन्होंने आरोपी सफाई सुपरवाइजर और बाकी हमलावरों के खिलाफ सख्त कार्रवाई करने की मांग की। पार्षदों ने मंथली के आरोपों को निराधार बताया और इस मामले में भी केस दर्ज कराने का फैसला लिया। पार्षद संजीव दहिया ने कहा कि जनप्रतिनिधि खुद खर्च कर वार्ड में काम कराते हैं। एक सफाई सुपरवाइजर मंथली मांगने के आरोप लगा रहे हैं। इसमें कार्रवाई कराई जाएगी।
लेबर क्वार्टर में भी कराते थे सफाई
सफाई सुपरवाइजर मोहित ने सुरेंद्र गर्ग और उनके चार लोगों पर उनके साथ मारपीट कर सिर में चोट मारने के आरोप लगाए। उनके दो वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहे हैं। उन्होंने वीडियो में आरोप लगाया कि पार्षद पति सुरेंद्र गर्ग ने हर महीने 20 हजार रुपये मंथली लेते थे और सेक्टर-25 लेबर क्वार्टर की सफाई कराते थे। उनसे शुक्रवार को मंथली मांगी। उन्होंने पैसे होने से इन्कार कर दिया। उन्हें जातिसूचक शब्द कहे और कर्मचारियों को मां-बहन की गाली दी। उनको एक मिनट में खो देने की धमकी दी कही। वे बाइक लेकर चलने लगे तो उनको पकड़ लिया। उन्होंने अपने परिजनों को फोन कर बुलाया।
पिस्तौल और चाकू लेकर पहुंचे हमलावर
पार्षद पति सुरेंद्र गर्ग की तरफ से खलीला प्रहलादपुर के प्रवीण ने लिखित शिकायत दी है। उन्होंने बताया कि वे सुरेंद्र गर्ग के पास नौकरी करते हैं। सिद्धार्थ नगर का मोहित वार्ड में सफाई सुपरवाइजर है। लोगों की मोहित के खिलाफ लगातार शिकायत आ रही थी। सुरेंद्र गर्ग ने उसको समझाने के लिए अपने कार्यालय बुलाया था। मोहित उनके साथ बहस करने लगा। इसके बाद वह अपने परिवार के सदस्य प्रिंस, माया, मुकेश, सागर, विनोद, राजेश और 10-12 अन्य के साथ कार्यालय में घुस गया। इनमें से एक के पास पिस्तौल और दो-तीन के पास चाकू थे। इन लोगों ने सुरेंद्र के साथ मारपीट शुरू कर दी। प्रिंस ने कांच का गिलास तोड़ सुरेंद्र की आंख पर वार किया।
पुलिस ने शिकायत के आधार पर मोहित, प्रिंस, माया, मुकेश, सागर, विनोद, राजेश और 10-12 अन्य के खिलाफ बीएनएस की धारा 115(2),190, 191(3), 333, 351(3) और 25 आर्म्स एक्ट में प्राथमिकी दर्ज कर ली है। पुलिस ने कार्यालय की सीसीटीवी फुटेज बरामद की है। आरोपियों को जल्द ही गिरफ्तार कर लिया जाएगा।
– सुभाष, प्रभारी, थाना पुलिस सेक्टर-29
बैठक में पार्षदों के साथ चर्चा करते मेयर कोमल सैनी। संवाद
[ad_2]
Karnal News: पार्षद के पति पर सफाई सुपरवाइजर से मंथली मांगने का आरोप




