[ad_1]
करनाल। पटवारखाने का बिजली बिल काफी समय से लंबित था। ऐसे में बुधवार को बिजली निगम ने कार्रवाई करते हुए कनेक्शन काट दिया। जोकि वीरवार शाम तक बिल न भरने के कारण जुड़ नहीं सका। ऐसे में डेढ़ दिन में 300 से ज्यादा इंतकाल और 15 से ज्यादा राजस्व कार्य ठप रहे। इसके कारण आमजन को परेशानियों का सामना करना पड़ा। बुधवार को जिस समय बिजली निगम ने कार्रवाई की, उस समय पटवारखाने में बैठे पटवारियों और स्टाफ को लगा कि कोई तकनीकी फॉल्ट आ गया है, इस कारण बिजली आपूर्ति बाधित हुई है। इसके बाद सभी घर चले गए।
वीरवार को सुबह जब पटवारखाने लौटे तो भी बिजली आपूर्ति बंद थी। इसके बाद जब चेक किया तो उन्हें कनेक्शन कटा होने का पता चला। लापरवाही इस कदर है कि सुबह पता चलने के बाद भी शाम तक जिम्मेदारों की ओर से बिल का भुगतान नहीं किया गया। तहसील परिसर में रोजाना सैकड़ों लोग अपने काम से आते हैं। दो दिन से काम ठप होने से लोगों में नाराजगी रही। किसानों और जमीन मालिकों का कहना है कि सरकारी दफ्तरों की लापरवाही का खामियाजा आमजन को भुगतना पड़ रहा है।
तो निराश लौटे लोग, ऑनलाइन चेक नहीं हो सकीं फाइलें
बिजली कटते ही सबसे पहले ऑनलाइन सेवाएं ठप हुईं। इंतकाल दर्ज करना, जमाबंदी की नकल जारी करना, भूमि रिकार्ड अपडेट करना और बैंकों के लिए लोन संबंधित सत्यापन जैसे कार्य रुक गए। तहसील से जुड़े गांवों के लोग सुबह से फाइलें लेकर पहुंचे लेकिन दफ्तर में अंधेरा और सिस्टम बंद देखकर निराश लौटना पड़ा। पटवार एसोसिएशन प्रधान कश्मीर सिंह ने बताया कि बिजली न होने के कारण करीब 300 से अधिक कार्य लंबित हो गए हैं। कई किसान बैंक लोन की प्रक्रिया के लिए दस्तावेज लेने आए थे लेकिन सिस्टम बंद होने से काम नहीं हो पाया।
कई नोटिस देने के बाद भी नहीं जागे
बिजली निगम के एसडीओ प्रवीण ने बताया कि निगम की ओर से पहले भी कई नोटिस भेजे गए थे। भुगतान न होने पर लाइन काट दी। बिजली निगम के अधीक्षक अभियंता नसीब सिंह ने बताया कि बकाया वसूली अभियान के तहत सरकारी व निजी सभी उपभोक्ताओं पर समान रूप से कार्रवाई की जा रही है। बिल जमा न होने पर नियमानुसार कनेक्शन काटा जाता है।
लोगों ने बयां की परेशानी-
मैं अपनी जमीन से जुड़े एक काम से आया था लेकिन काम नहीं हो सका है। इनकी गलती का खामियाजा आम जनता को भुगतना पड़ता है।
– ताराचंद, काछवा
सुबह 10 बजे ही मैं इंतकाल से संबंधित काम कराने के लिए आ गया था लेकिन यहां पता चला कि बिजली न होने के कारण काम ठप है।
– गुरनाम सिंह, उत्तम नगर
वर्जन
वीरवार को सुबह ही पता चला है कि बिजली काट दी गई है जल्द बिजली बिल जमा करा दिया जाएगा। ताकि काम पूर्व की तरह सुचारु रूप से चलते रहे।
– रमेश, कानूनगो
[ad_2]
Karnal News: पटवारखाने का कटा बिजली कनेक्शन… डेढ़ दिन में 300 से ज्यादा इंतकाल, राजस्व संबंधित कार्य ठप




