करनाल। मुक्केबाज श्वेता ने राष्ट्रीय स्तर की प्रतियोगिता में स्वर्ण पदक जीता है। प्रतियोगिता का आयोजन मोहाली की सीजीसी यूनिवर्सिटी में किया गया था। इसमें अंतरराष्ट्रीय मुक्केबाज नीरज गोयत भी शामिल हुए थे।
श्वेता ने 60 किलो भार वर्ग में रोहतक की खिलाड़ी नंदिनी को 5-0 से हराया। उन्होंने बताया कि फाइनल मुकाबला एकतरफा रहा। अपनी प्रतिद्वंद्वी को उन्होंने एक भी पंच नहीं मारने दिया। चार राउंड तक मुकाबला चला। उन्होंने बताया कि अब वह अंतरराष्ट्रीय स्तर की प्रतियोगिता के लिए तैयारी कर रही है। उन्होंने बताया कि उनकी इस जीत पर मुक्केबाजी नीरज गोयत ने उनको बधाई दी। कर्ण स्टेडियम के कोच सुरेंद्र चौहान ने बताया कि श्वेता उनकी नर्सरी की सिनियर खिलाड़ी हैं और वह पहले भी कई बार राष्ट्रीय स्तर पर जिले का नाम रोशन कर चुकी हैं।