[ad_1]
करनाल। श्री राम ग्लोबल स्कूल की मधुबन मार्ग पर चलने वाली बस के चालक कुटेल निवासी सुरेंद्र ने मंगलवार को सुबह शराब के नशे में ही बच्चों से भरी बस दौड़ा दी। साढ़े आठ किलोमीटर चलने के बाद गांव बजीदा के पास बस को अनियंत्रित चलता हुआ देखकर अभिभावकों ने उसे रोका। पूछने पर उसने बताया कि वह चंडीगढ़ से शराब पीकर आया है। इसका वीडियो वायरल होने के बाद स्कूल ने चालक को बर्खास्त कर दिया गया है। स्कूल प्रबंधन ने मधुबन थाने में शिकायत की है।
रोज की तरह मंगलवार को भी चालक अपने गांव से बस लेकर चला था। बस में करीब 15 बच्चे सवार थे, जब बस सड़क किनारे चल रही थी तो बच्चे भी शोर मचा रहे थे। इस दौरान बजीदा गांव के नजदीक अपने बच्चों को बस में चढ़ाने के लिए खड़े अभिभावकों ने उसे रोका और पूछताछ करते हुए वीडियो भी बनाया। वीडियो में चालक नशे में नजर आ रहा है। जब युवक ने चालक से शराब पीने के बारे में पूछा तो उसने बताया कि वह चंडीगढ़ से पीकर आया है।
स्कूल के ट्रांसपोर्ट प्रभारी दीपक ने बताया कि इस बारे में उन्होंने मधुबन थाने में शिकायत दी है। चालक को बर्खास्त कर दिया गया है। चालक करीब 8-9 माह पहले ही नौकरी पर रखा था। अब से पहले उसकी कोई शिकायत नहीं थी। इस मार्ग पर बस से रोजाना करीब 30 से 35 बच्चे स्कूल जाते हैं।
स्कूल प्रबंधन लापरवाही पर बोलने से बच रहा, चिंता में अभिभावक
हालांकि मामले पर स्कूल प्रबंधन कुछ भी बोलने से कतरा रहा है। प्रिंसिपल अनुराधा धवन मामले पर कोई जवाब नहीं दे पाईं। जिन अभिभावकों के बच्चे स्कूल में पढ़ते हैं वे इस प्रकरण के बाद से चिंता में हैं। अभिभावक अभिषेक, एडवोकेट संदीप और अंकुर का कहना है कि स्कूल प्रबंधन अपनी जिम्मेदारी से नहीं बच सकता।
चालक केवल एक ही बार बोला, महिला सहायक बोली- मुझे जानकारी नहीं
वायरल वीडियो में चालक नशे की हालत में सड़क किनारे बस के पास खड़ा नजर आ रहा है। बस में स्कूल स्टाफ और महिला सहायक भी नजर आ रही है। जब युवक ने उनसे पूछा तो उन्होंने कहा कि हमें इसके बारे में जानकारी नहीं है।
– जब युवक ने चालक को अपने पास बुलाया तो वह हिलता-डुलता नजर आया। युवक के पूछने पर उसने बताया कि चंडीगढ़ से शराब पीकर आया है। इसके बाद वह चुप खड़ा रहा।
वर्जन
अगर कोई चालक नशे की हालत में बस चलाकर बच्चों के जीवन को खतरे में डालता है तो इसका जिम्मेदार स्कूल ही है। आरोपी चालक के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी। स्कूल प्रशासन पर भी इस मामले में एक्शन लिया जाएगा। ऐसी लापरवाही बर्दाश्त नहीं है। खंड शिक्षा अधिकारी के माध्यम से पूरे प्रकरण की जांच भी कराई जाएगी। – रोहताश वर्मा, जिला शिक्षा अधिकारी
स्कूल बस का चालक। सोशल मीडिया
[ad_2]
Karnal News: चालक ने नशे में साढ़े 8 किलोमीटर तक दौड़ाई स्कूल बस… स्कूल से बर्खास्त, केस दर्ज




