[ad_1]
करनाल। खेल विभाग की ओर से खेल नर्सरियों के आवेदन की प्रक्रिया पुरी हो चुकी है। विभाग ने आवेदन की तिथि को बढ़ाकर 22 फरवरी किया था। पहले यह 15 फरवरी थी। अंतिम तिथि पूरी होने के बाद विभाग को पूरे जिले से कुल 253 खेल नर्सरियों के आवेदन प्राप्त हुए हैं। वाॅलीबाॅल व कबड्डी खेल की नर्सरी के लिए ज्यादा आवेदन आए हैं।
221 निजी और 32 सरकारी खेल नर्सरी के लिए आवेदन हैं। सभी आवेदन के लिए विभाग की ओर से एक टीम का गठन किया गया है। इसमें हर एक खेल के कोच को भेजा जाएगा। टीम में शामिल कोच मौके पर जाकर मैदान, खेल उपकरण व कोच की योग्यता देखेंगे और विभाग को रिपोर्ट प्रदान करेंगे। इन खेल नर्सरियों में 28 विभिन्न खेल शामिल होते हैं जैसे कुश्ती, कबड्डी, एथलेटिक्स, हॉकी, बॉक्सिंग, फुटबॉल आदि। सभी खेल के लिए विभाग की ओर से कोच की नियुक्ति की जाएगी। खेल नर्सरी के लिए कम से कम 25 से 30 खिलाड़ी होने चाहिए।
8 से 19 वर्ष के खिलाड़ी कर सकते हैं अभ्यास
खेल नर्सरी में 8 से 19 वर्ष के खिलाड़ी अभ्यास कर सकते हैं। खिलाड़ियों को हर महीने खुराक भत्ता दिया जाता है। आठ से 14 वर्ष तक के खिलाड़ियों को 1500 रुपये प्रतिमाह और 15 से 19 वर्ष तक के खिलाड़ियों को 2000 रुपये प्रतिमाह दिया जाता है। खेल नर्सरी में प्रशिक्षकों के लिए 25000 रुपये प्रति माह तक का मानदेय होता है।
वर्जन
खेल नर्सरियों के आवेदन के लिए पोर्टल अब बंद कर दिया गया है। जांच के लिए एक टीम का गठन किया गया है। जिसमें जिले से ही करीब 15 से 20 कोच हैं। 10 दिन के अंदर विभाग की ओर से रिपोर्ट खेल विभाग पंचकूला को भेजी जाएगी। इस बार वाॅलीबाॅल व कबड्डी खेल के लिए ज्यादा आवेदन आए हैं। -राजबीर रंगा, जिला खेल अधिकारी
[ad_2]
Karnal News: खेल नर्सरियों के लिए 253 आवेदन वॉलीबॉल और कबड्डी के अधिक


