[ad_1]
करनाल। सेक्टर-8 के एक रिसोर्ट के बाहर खड़ी तीन कारों को चोरों ने रविवार की रात को निशाना बनाया। काली स्कॉर्पियो से आए चोरों ने दो कारों के शीशे और एक का लॉक तोड़कर सामान चोरी किया। शादी समारोह में आए लोगों की दिल्ली, पंजाब और पानीपत नंबर की गाड़ियों को निशाना बनाया गया। वारदात पास खड़ी एक अन्य कार में पीछे लगे कैमरे में कैद हो गई। सेक्टर-32 थाना पुलिस ने शिकायत के आधार पर प्राथमिकी दर्ज कर ली है।
सेक्टर-32 थाना में दी शिकायत में सदर बाजार के हिमांशु ने बताया कि सभी वाहन मालिक सेक्टर-8 स्थित एक रिसोर्ट में आयोजित शादी समारोह में शामिल होने पहुंचे थे। उन्होंने अपनी गाड़ियां रिसोर्ट के बाहर सड़क किनारे खड़ी की थी। समारोह के दौरान चोरों ने मौका पाकर दो गाड़ियों के शीशे तोड़ दिए, जबकि तीसरी कार का लॉक खोलकर उसमें रखा सामान चोरी कर लिया। देर रात तक कार्यक्रम चलता रहा और इसी बीच चोरों ने वारदात को अंजाम दिया। जब समारोह समाप्त होने के बाद बाहर पहुंचे तो कारों के टूटे शीशे देखे। गाड़ियों के अंदर रखा सामान गायब मिला।
पुलिस टीम मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण किया। आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है ताकि आरोपियों की पहचान की जा सके। जांच अधिकारी संदीप ने बताया कि प्रारंभिक जांच में चोरी की सुनियोजित वारदात प्रतीत हो रही है और सभी पहलुओं को ध्यान में रखते हुए जांच की जा रही है।
[ad_2]
Karnal News: काली स्कॉर्पियो से आए चोरों ने दो कारों से सामान उड़ाया


