Karnal News: इंतजार में थके गुरुजी जमीन पर लेटे, सीढ़ियों पर बैठ भरा नियुक्ति फार्म Latest Haryana News

[ad_1]

– शिक्षा विभाग में अव्यवस्थाओं के साथ नए टीजीटी का हुआ स्वागत, डीईईओ कार्यालय में ली नियुक्ति, आज से पहुंचेंगे स्कूल

Trending Videos

– दस्तावेज सत्यापन कमेटियों के लिए लगाए सोफे, नव शिक्षकों के लिए जरूरी इंतजाम करना भूला विभाग

गगन तलवार

करनाल। स्कूलों में शिक्षकों की कमी दूर करते हुए प्रदेश सरकार ने टीजीटी की नियुक्ति कर दी है, लेकिन करनाल में नियुक्ति के दिन अव्यवस्थाओं के साथ इन शिक्षकों का विभाग में स्वागत हुआ है। नियुक्ति पत्र लेने के लिए शिक्षकों को दोपहर तक अधिकारियों का इंतजार करना पड़ा। ऐसे में गर्मी में बेहाल कई शिक्षक थककर जमीन पर ही सो गए।

वहीं बैठने और पीने के लिए भी पानी के पर्याप्त इंतजाम नहीं थे। ऐसे में कोई शिक्षक बरामदे में जमीन पर बैठकर तो कोई सीढ़ियों व पार्किंग में खड़े वाहनों पर रखकर नियुक्ति फार्म भरता दिखाई दिया। जबकि टीजीटी की नियुक्ति के लिए डीईईओ कार्यालय में चार कमेटियां गठित की गई थी। इन कमेटियों में शामिल प्रिंसिपलों के बैठने के लिए तो कार्यालय में सोफे बिछाए गए, लेकिन नए आए शिक्षकों के लिए जरूरी इंतजाम करना अधिकारी भूल गए। इनके बैठने के लिए बरामदे में दरी तक नहीं थी।

वहीं करनाल में डीईईओ का पद रिक्त है। कुरुक्षेत्र के डीईईओ को यहां का अतिरिक्त चार्ज दिया गया है। अधिकारी अपने जिले का काम निपटाने के बाद दोपहर बाद करनाल कार्यालय में पहुंचे। तब तक दस्तावेज सत्यापित करा चुके शिक्षकों को जमीन पर बैठकर व लेटकर इंतजार करना पड़ा। विदित हो कि करनाल जिले में 290 नए टीजीटी को नियुक्ति दी गई है। जिन्हें स्कूल विभाग ने अलॉट कर दिए हैं। ये शिक्षक आज यानी स्वतंत्रता दिवस के दिन स्कूल पहुंचेंगे और शुक्रवार से विद्यार्थियों की पहली कक्षा लेंगे।

विद्यार्थियों को राहत, बेहतर होगी तैयारी

प्रदेश सरकार की ओर से भर्ती किए गए नए टीजीटी में से करनाल जिले के राजकीय स्कूलों को भी 290 शिक्षक मिलेंगे। ऐसे में आने वाले समय में विद्यार्थियों को पढ़ाई में काफी राहत रहेगी। आगामी परीक्षाओं में वे बेहतर तैयारी कर सकेंगे। शिक्षा विभाग की ओर से नए टीजीटी की नियुक्ति का कार्य भी शुरू कर दिया गया है। शिक्षा विभाग में बुधवार को देर शाम तक नियुक्ति के लिए शिक्षकों की भीड़ जुटी रही। पूरा दिन दस्तावेज सत्यापन का कार्य चला। 290 में से 227 शिक्षकों ने नियुक्ति ले ली है। जो अब अपने स्कूल में जाकर कार्यभार संभालेंगे।

किस विषय के कितने टीजीटी

विषय

शिक्षक

अंग्रेजी

91

साइंस

109

फिजिकल एजूकेशन

23

पंजाबी

15

संस्कृत

52

कुल 290 टीजीटी को करनाल में नियुक्ति मिली है। इनमें से 227 ने जिला मौलिक शिक्षा कार्यालय में आकर नियुक्ति ले ली है। ये शिक्षक स्वतंत्रता दिवस के दिन स्कूल में जाकर कार्यभार संभाल लेंगे। जो शिक्षक अभी तक ज्वाइन नहीं कर पाए हैं, वे शीघ्र ज्वाइन कर लें। मेरे पास करनाल का अतिरिक्त चार्ज है।

– विनोद कौशिक, जिला मौलिक शिक्षा अधिकारी

[ad_2]
Karnal News: इंतजार में थके गुरुजी जमीन पर लेटे, सीढ़ियों पर बैठ भरा नियुक्ति फार्म