[ad_1]
– एसोसिएशन ने 14 से 25 अगस्त तक विभिन्न कार्यक्रमों की बनाई रूपरेखा
संवाद न्यूज एजेंसी
करनाल। हरियाणा सिविल डेंटल सर्जन एसोसिएशन के बैनर तले जिले के डेंटल सर्जनों ने काले बिल्ले लगाकर रोष व्यक्त किया। नौ सूत्रीय मांगों के समर्थन में अब डेंटल सर्जन 14 अगस्त को सुबह 10 से दोपहर 12 बजे तक दो घंटे की सांकेतिक हड़ताल पर रहेंगे। हड़ताल से पूर्व एसोसिएशन ने उपायुक्त व सिविल सर्जन को हड़ताल से लेकर अन्य अपने आगामी कार्यक्रमों की सूचना व मांगों का ज्ञापन सौंपा। हड़ताल के चलते दो घंटे तक ओपीडी में आने वाले मरीजों को इलाज नहीं मिलेगा।
हरियाणा सिविल डेंटल सर्जन एसोसिएशन, करनाल से डॉ. अभय अग्रवाल ने बताया कि 16 अगस्त को राज्य की सभी स्वास्थ्य संस्थाओं में कार्यरत डेंटल सर्जन भूखे रहकर अपनी सेवाएं देंगे। 17 अगस्त को राज्य के सभी सरकारी डेंटल सर्जन ड्यूटी के बाद शाम छह बजे कुरुक्षेत्र में एकत्रित होकर सेक्टर-चार के कम्युनिटी सेंटर से सेक्टर-तीन स्थित मुख्यमंत्री के आवास तक कैंडल मार्च निकालेंगे और मुख्यमंत्री को ज्ञापन सौंपेंगे।
19 से 21 अगस्त तक सभी सरकारी डेंटल सर्जन ड्यूटी के बाद राज्य के सभी सांसद व विधायकों को ज्ञापन देंगे।
ये हैं मुख्य मांगें-
दंतक सर्जन कैडर को चिकित्सा अधिकारियों की भांति पांच, 10 व 15 वर्ष सेवाकाल पर मिलने वाले 100 प्रतिशत एसीपी व सभी लाभ दिए जाएं। ग्रुप-बी से ग्रुप-ए में शामिल किया जाएं। उप-निदेशक के दो पद सृर्जित किए जाएं। दंतक सर्जन को भी चिकित्सा अधिकारियों की भांति स्पेशल कैडर में शामिल किया जाए। दंतक सर्जन, जिन्होंने बैचलर ऑफ डेंटल सर्जरी (बीडीएस) के साथ एमएचए या एमपीएच किया हुआ है। उन्हें प्रत्येक 200 बिस्तर वाले नागरिक अस्पताल में एक पद पर उप चिकित्सा अधीक्षक नियुक्त करने की अधिसूचना जारी की जाए। स्वास्थ्य विभाग में प्रशासनिक पदों पर दंतक सर्जनों को नियुक्त करने की अधिसूचना जारी की जाए। सभी डेंटल सर्जन को चिकित्सा अधिकारियों की भांति सभी भत्ते दिए जाए। राज्य के प्रत्येक 50 बिस्तर वाले अस्पताल में वरिष्ठ डेंटल सर्जन का पद सृर्जित किए जाए। राज्य में पिछले दो साल से वरिष्ठ दंतक सर्जन के रिक्त पदों पर लंबित पदोन्नति सूची को तुरंत जारी की जाए।
[ad_2]
Karnal News: आज दो घंटे हड़ताल पर रहेंगे डेंटल सर्जन, नहीं मिलेगा इलाज



