[ad_1]
कैथल। करोड़ा गांव के रहने वाले सुनील का शव अमेरिका से गांव में पहुंचा। सुनील की हार्ट अटैक से मौत हुई थी। परिजनों ने अंतिम संस्कार किया, जिसमें उपस्थित लोगों की आंखें नम थीं।
सुनील के रिश्ते में चाचा विजेंद्र ने बताया कि सुनील मई 2023 में डंकी रूट से अमेरिका गया था। परिवार ने लगभग 40 लाख रुपये खर्च कर उसे विदेश भेजा था। अमेरिका में सुनील गाड़ी चलाने का काम करता था और परिवार की आर्थिक स्थिति सुधारने की उम्मीद थी।
सुनील अविवाहित था और परिवार में उसकी मां व बड़ा भाई हैं। पिता का पहले ही निधन हो चुका था। घटना से पहले उसने अपनी मां से फोन पर बात की और कहा था कि रात हो गई है, अब वह सोने जा रहा है। इसके बाद उससे संपर्क नहीं हो सका।
परिवार ने बताया कि बेटे को विदेश भेजने के लिए उन्हें कर्ज तक लेना पड़ा था। अब उसकी मौत के बाद परिवार सदमे में है।
समाजसेवी ने की मदद
अमेरिका के फ्रेस्नो शहर में सुनील की मौत के बाद समाजसेवी जसबीर लोहान मौके पर पहुंचे और उन्होंने शव को भारत भेजने की प्रक्रिया शुरू करवाई। उन्होंने बताया कि यह बेहद दुखद समय रहा, लेकिन कोशिश रही कि शव जल्द से जल्द भारत पहुंचे, ताकि परिवार अपने बेटे के अंतिम दर्शन कर सके।
सुनील उर्फ मोना, जो कैलिफोर्निया में रह रहा था, रात को अपनी मां से बातचीत करने के बाद सो गया था। उसके साथ रहने वाले साथी जब लौटे, तो वह बेड के नीचे पड़ा मिला। उसे तुरंत अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। मौत का कारण हार्ट अटैक को बताया गया।
[ad_2]
Karnal News: अमेरिका से करोड़ा पहुंचा मृतक सुनील का शव




