[ad_1]
जींद। जनस्वास्थ्य अभियांत्रिकी विभाग ने शहर में बंद और क्षतिग्रस्त सीवरेज लाइन को बदलने के लिए 6.70 करोड़ रुपये की परियोजना का टेंडर जारी कर दिया है। शहर में 2,100 मीटर लंबी नई सीवरेज लाइन डाली जाएगी। शहरवासियों की सीवरेज जाम और ओवरफ्लो की समस्या अब जल्द दूर होने वाली है।
सीवरेज लाइन पुरानी हो जाने और कई हिस्सों में टूट-फूट, सिल्ट, कचरे और अवैध कनेक्शनों के कारण आए दिन जाम की समस्या पैदा हो रही थी। मानसून के दौरान पानी सड़कों और घरों तक भरने लगता था। खासकर रेलवे रोड, सफीदों रोड, पटियाला चौक, विजय नगर, अर्बन एस्टेट, शिव कॉलोनी, रामराय गेट व शहर के भीतरी क्षेत्र अधिक प्रभावित रहे हैं।
बरसात व गर्मी के दिनों में जनस्वास्थ्य विभाग कार्यालय के बाहर नारेबाजी कर रोष जताया था। इसके बाद जनस्वास्थ्य विभाग ने शहर की कालोनियों का सर्वे करवाया और उन सभी बिदुओं की पहचान की जहां सीवरेज सिस्टम क्षमता से अधिक बोझ झेल रहा है। इसकी जांच के बाद नई परियोजना तैयार की गई।
अर्बन इस्टेट निवासी अजय मलिक, दिनेश शर्मा, किरण देवी, सरोज देवी, राजेश गर्ग ने कहा कि सीवरेज जाम से कई बार शहर के हालात गांवों की कच्ची गलियों से भी बदतर हो जाते थे। इस समस्या से स्थाई छुटकारा मिलना शहर के लिए बड़ी सौगात साबित होगी।
ओवरफ्लो की समस्या पर लगेगा अंकुश
सीवरेज की मुख्य लाइन बदलने से जुड़े छोटे नेटवर्क और लिंक लाइनों में भी पानी का प्रवाह सुचारू बनेगा। इससे गंदा पानी ट्रीटमेंट प्लांट तक आसानी से पहुंचेगा और ओवरफ्लो की समस्या पर अंकुश लगेगा। विभाग के अनुसार टेंडर प्रक्रिया पूरी होते ही काम शुरू कर दिया जाएगा और परियोजना को चरणबद्ध तरीके से तेजी से पूरा किया जाएगा।
6.70 करोड़ की यह परियोजना शहर में सीवरेज लाइन को मजबूती देगी। इस राशि से पूरे शहर में जर्जर हो चुकी पाइप लाइन को बदला जाएगा। इसमें 200 से 600 एमएम की मोटाई की पाइप लाइन डाली जाएगी। -भानु प्रकाश एक्सईन जनस्वास्थ्य विभाग जींद।
28जेएनडी11: जनस्वास्थ्य विभाग कार्यालय । संवाद
[ad_2]



