[ad_1]
नरवाना। नशा तस्करों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत गढ़ी थाना पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए 4.61 ग्राम हेरोइन के साथ दो नशा तस्करों को काबू किया है। पकड़े गए आरोपियों की पहचान जरनैल राम व जसविंदर राम निवासी खैरका, जिला कैथल के रूप में हुई है।
गढ़ी थाना के प्रभारी मनोज कुमार ने बताया कि चौकी धमतान साहिब की टीम सहायक उप-निरीक्षक अनिल कुमार के नेतृत्व में रसीदा–गुलाड़ी रोड पर गश्त पर थी। इसी दौरान पुलिस को गुप्त सूचना मिली कि दोनों आरोपी मोटरसाइकिल पर रसीदा से डाबी टेक सिंह मार्ग होते हुए खैरका की ओर जा रहे हैं और उनके पास नशीला पदार्थ है।
सूचना के आधार पर पुलिस ने तुरंत उच्च अधिकारियों को अवगत कराते हुए मौके पर नाकाबंदी की। कुछ ही देर में संदिग्ध मोटरसाइकिल आती दिखाई दी, जिस पर सवार दोनों युवकों को रोककर नियमानुसार राजपत्रित अधिकारी की मौजूदगी में तलाशी ली गई। तलाशी के दौरान जरनैल राम के कब्जे से 4.61 ग्राम हेरोइन बरामद हुई। गढ़ी थाना पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज कर उन्हें अदालत में पेश किया।
आमजन से अपील की गई है कि नशे से जुड़ी किसी भी सूचना को निडर होकर पुलिस तक पहुंचाएं, सूचना देने वाले की पहचान पूरी तरह गोपनीय रखी जाएगी। अपने क्षेत्र को नशा मुक्त बनाने को लेकर अपना सहयोग पुलिस को दें। –मनोज कुमार, प्रभारी, गढ़ी थाना।
[ad_2]



