जींद। हाइड्रोजन ट्रेन के प्लांट में खराब कंप्रेशर को दुरुस्त करने का काम शुरू हो गया है। करीब दो सप्ताह से कंप्रेशर में तकनीकी खराबी बनी हुई थी। तकनीकी समस्या को दूर करने के लिए बाहर से इंजीनियर को बुलाया गया था। जांच के बाद जरूरी पुर्जों और अन्य उपकरणों को मंगवाया गया है।
अधिकारियों को उम्मीद है कि जल्द ही कंप्रेशर सामान्य रूप से काम करने लगेगा। हाइड्रोजन प्लांट में फायर फाइटिंग सिस्टम स्थापित करने का कार्य भी जारी है। इसे भी सुरक्षा मानकों के अनुरूप तेजी से पूरा किया जा रहा है। चार्जिंग व्यवस्था के लिए नई बैटरियां भी मंगवाई गई हैं ताकि प्लांट के संचालन में किसी प्रकार की बाधा न आए।
अधिकारियों के अनुसार कंप्रेशर के सामान्य रूप से चालू होने के बाद ही हाइड्रोजन गैस तैयार करने की प्रक्रिया शुरू की जाएगी। फिलहाल प्राथमिकता कंप्रेशर की मरम्मत और सुरक्षा संबंधी कार्यों पर है। हाइड्रोजन प्लांट के सामान्य संचालन से क्षेत्र में स्वच्छ ऊर्जा से जुड़ी संभावनाओं को बल मिलेगा। भविष्य में औद्योगिक और पर्यावरणीय दृष्टि से भी यह परियोजना महत्वपूर्ण साबित हो सकती है।