जींद। सरकारी स्कूलों के बैंक खाते एमआईएस पोर्टल पर अपलोड करने का शनिवार को अंतिम दिन भी बीत गया। अध्यापक शनिवार को पूरा दिन बीईओ और डीईईओ के साइन करवाने को लेकर कार्यालय के चक्कर काटते रहे लेकिन दोनों में से कोई भी अधिकारी कार्यालय नहीं पहुंचा। ऐसे में अध्यापकों को बैरंग लौटना पड़ा।
जिले के सरकारी स्कूलों फंडों से संबंधित बैंक खातों पर बीईओ और डीईईओ के साइन करवाकर एमआईएस पोर्टल पर अपलोड करने थे। इस प्रक्रिया का शनिवार को अंतिम दिन था। पिछले दिनों शिक्षा विभाग ने आदेश दिया था कि प्राथमिक, मिडल, हाई, सीनियर सेकेंडरी स्कूलों के सभी खातों को बीईओ और डीईईओ के साइन करवाने थे। इसके बाद सभी कागजों की पीडीएफ बनाकर उसे अपने स्कूल के एमआईएस पर अपलोड करेंगे। यह कार्य पिछले तीन दिनों से चल रहा है जो शनिवार शाम तक पूरा करना जरूरी था, लेकिन अध्यापक बीईओ और डीईईओ के साइन करवाने के लिए सुबह ही कार्यालय पहुंच गए थे। लेकिन दोपहर बाद तक भी दोनों अधिकारी कार्यालय नहीं पहुंचे। ऐसे में अध्यापकों को बिना साइन करवाए ही लौटना पड़ा। वहीं जिला मौलिक शिक्षा अधिकारी महेंद्र सिंह का कहना है कि वह किसी कार्य से बाहर गए थे। इसलिए कार्यालय नहीं पहुंच पाए।
—