Jind News: राज्यस्तरीय पशु प्रदर्शनी का आयोजन छह से आठ फरवरी तक haryanacircle.com

[ad_1]

जींद। हरियाणा सरकार के पशुपालन और डेयरी विभाग की तरफ से राज्यस्तरीय पशु प्रदर्शनी का आयोजन 6 फरवरी से 8 फरवरी तक कुरुक्षेत्र में होगा।

पशुपालन और डेयरी विभाग के उपनिदेशक डॉ. सूर्य खटकड़ ने बताया कि यह हरियाणा सरकार की 41वीं राज्यस्तरीय पशु प्रदर्शनी होगी। उन्होंने विभाग की बैठक में अधिकारियों को निर्देश दिए कि वे अधिक से अधिक प्रगतिशील पशुपालक किसानों को प्रदर्शनी में भाग लेने के लिए प्रेरित करें और उत्तम नस्ल के पशुओं की भागीदारी सुनिश्चित करें।

उन्होंने बताया कि प्रदर्शनी में प्रदेश भर से उत्तम नस्ल की भैंस, गाय, भेड़, बकरी, ऊंट, घोड़े और सूकर सहित 53 श्रेणियों में विभाजित कर लगभग 600 चयनित पशुओं को नगद पुरस्कार राशि प्रदान की जाएगी। प्रदर्शनी में भाग लेने वाले पशुओं के आवागमन पर आने वाले खर्च का वहन किलोमीटर के अनुसार सरकार द्वारा किया जाएगा।

उन्होंने बताया कि इच्छुक एवं जागरूक पशुपालकों के लिए निशुल्क बस सुविधा उपलब्ध करवाई जाएगी। उन्होंने बताया कि जो पशुपालक इस राज्यस्तरीय पशु प्रदर्शनी में भाग लेना चाहते हैं वे अपने नजदीकी पशु चिकित्सालय से संपर्क कर सकते हैं। विभाग द्वारा सभी पशु चिकित्सालयों में पशुओं के पंजीकरण की प्रक्रिया प्रारंभ कर दी गई है। सभी प्रगतिशील पशुपालकों से अपील की गई है कि वे शीघ्र अपना पंजीकरण करवाएं, ताकि विभाग के उच्च अधिकारियों को प्रतिभागियों की सूची मोबाइल नंबर सहित समय पर उपलब्ध करवाई जा सके।

[ad_2]